बुलन्द संदेश/लायबा नूर
सम्भल। इन दिनों अवैध टैक्सी और ऑटो स्टैंड का संचालन धड़ल्ले से किया जा रहा है,जिससे न केवल यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है,बल्कि सवारियों की सुरक्षा भी गंभीर खतरे में पड़ गई है।शहर के प्रमुख स्थानों—चौधरी सराय,हसनपुर रोड, सम्भल-बहजोई रोड,चंदौसी चौराहा और सम्भल-मुरादाबाद रोड—पर बिना किसी अनुमति के वाहन खड़े कर सवारियां भरी जा रही हैं। इन अवैध स्टैंडों से संचालित वाहन क्षमता से अधिक सवारियां भरकर तेज रफ्तार में दौड़ते नजर आते हैं। खास बात यह है कि चंदौसी चौराहा और चौधरी सराय चौराहा जैसे व्यस्त स्थानों पर यातायात पुलिस की मौजूदगी के बावजूद इन वाहनों पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है। इससे वाहन चालकों के हौसले बुलंद हैं और वे बिना किसी डर के नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं।स्थानीय लोगों का कहना है कि इन अवैध स्टैंडों के संचालन में जिम्मेदार विभागों की लापरवाही साफ झलक रही है। सूत्रों की मानें तो यह सब कथित मिलीभगत के चलते संभव हो रहा है। वहीं चौधरी सराय पुलिस चौकी के पास से दिल्ली के लिए भी वाहन संचालित किए जा रहे हैं,जो सुरक्षा मानकों की अनदेखी कर रहे हैं।ऐसी स्थिति में कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है,लेकिन प्रशासन अब तक मूकदर्शक बना हुआ है। लोगों ने जिलाधिकारी और पुलिस प्रशासन से मांग की है कि अवैध टैक्सी स्टैंडों पर तत्काल प्रभाव से कार्रवाई कर सख्त नियम लागू किए जाएं,ताकि आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।


