*एंजल मॉल के दो क्लबों में चल रहा था अवैध हुक्का बार, पुलिस ने मारा छापा*
गाज़ियाबाद (आशा चौधरी) 10 कर्मचारी गिरफ्तार, 9 हुक्के व फ्लेवर तंबाकू बरामद, दोनों संचालक फरार
गाजियाबाद। कौशांबी थाना पुलिस ने मंगलवार को एंजल मॉल स्थित दो क्लबों में छापेमारी कर अवैध हुक्का बार का भंडाफोड़ किया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 10 कर्मचारियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से नौ हुक्के, नौ पाइप, नौ चिलम और फ्लेवर तंबाकू के चार डिब्बे बरामद किए। दोनों क्लबों के संचालक पुलिस को चकमा देकर मौके से फरार हो गए।पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि एंजल मॉल स्थित द पब्लिक हाउस और द ब्लू क्लब में बिना किसी वैध लाइसेंस के ग्राहकों को फ्लेवरयुक्त हुक्का परोसा जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने दोनों क्लबों में एक साथ छापा मारा और वहां मौजूद 10 कर्मचारियों को पकड़ लिया।पूछताछ में गिरफ्तार कर्मचारियों ने बताया कि वे क्लब संचालकों के निर्देश पर ग्राहकों को हुक्का उपलब्ध कराते थे। उन्होंने स्वीकार किया कि हुक्का बार संचालन के लिए किसी प्रकार का लाइसेंस नहीं था। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम (कोटपा) की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।पुलिस का कहना है कि फरार क्लब संचालकों की तलाश में दबिश दी जा रही है। साथ ही गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। शहर में अवैध हुक्का बार के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।


