भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर के 135वें जन्मोत्सव के अवसर पर समाजवादी पार्टी की नेता और चंदौसी विधानसभा की उपविजेता विमलेश कुमारी ने क्षेत्र में अपनी सक्रियता से नई ऊर्जा भर दी। उन्होंने विधानसभा के दर्जनों गांवों और नगर के विभिन्न मोहल्लों में पहुंचकर बाबा साहेब को नमन किया और जनसभाओं के माध्यम से PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) की मजबूती पर जोर दिया।
नगर के संभल गेट पर सपा नेत्री विमलेश कुमारी ने स्थानीय नागरिकों और कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर केक काटकर बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर का जन्मदिन बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया। इसके पश्चात वह नगर के ही आंबेडकर मूर्ति मालगोदम पर पहुंचीं, जहाँ उन्होंने 'भीम भंडारे' का फीता काटकर शुभारंभ किया। इस दौरान सैकड़ों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया और 'जय भीम-जय भीम' के नारों से पूरा वातावरण गुंजायमान हो उठा।
सपा नेत्री विमलेश कुमारी ने अपने कार्यक्रम की शुरुआत ग्राम देवरखेड़ा से बाबा साहेब के चित्र पर पुष्प अर्पित एवं दीप प्रज्वलित कर की।
इसके बाद वह ग्राम मौलागढ़ स्थित अंबेडकर पार्क पहुँचीं, जहाँ सपा संगठन के पदाधिकारियों के साथ बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।
ग्राम कासमपुर जगरूप में उन्होंने बाबा साहेब की प्रतिमा के सम्मुख शीश नवाया और फीता काटकर जयंती समारोह व शोभायात्रा का विधिवत उद्घाटन किया। यहाँ उन्होंने नीला झंडा दिखाकर शोभायात्रा को रवाना किया।
इसी क्रम में सपा नेत्री ने ग्राम कादरपुर कुकेटा और जयरोई हयातनगर में भी प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर जयंती कार्यक्रमों का उद्घाटन किया। इसके पश्चात उन्होंने बहजोई मार्ग स्थित भरतरा चुंगी पर सपा जिला संगठन द्वारा आयोजित भव्य कार्यक्रम में शिरकत की। विधानसभा के गांव कैथल और जारई में आयोजित कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के बाद विमलेश कुमारी नगर के मोहल्ला चुन्नी पहुँचीं और अंबेडकर पार्क में भगवान बुद्ध व डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए।
नगर चंदौसी में 'डॉ. भीमराव अंबेडकर जन्मोत्सव समारोह समिति' के तत्वावधान में निकली विशाल शोभायात्रा में सम्मिलित होते हुए उन्होंने मालगोदाम रोड स्थित अंबेडकर पार्क में जनसभा को संबोधित किया। विमलेश कुमारी ने कहा, "आज संविधान पर जो खतरा मंडरा रहा है, उससे लड़ने के लिए हमें समाजवादी पार्टी और PDA के हाथों को मजबूत करना होगा।" उन्होंने 2027 के विधानसभा चुनाव में सपा की नीतियों के साथ एकजुट होकर जीत दर्ज करने का आह्वान किया।


