यमुना एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा: ट्रेलर में घुसी वॉल्वो बस, 4 की मौत; 26 घायल, परिचालक चला रहा था बस
मथुरा। यमुना एक्सप्रेसवे पर मंगलवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 26 यात्री घायल हो गए। हादसा थाना राया क्षेत्र में माइलस्टोन 112 और 113 के बीच सुबह करीब 3:30 बजे हुआ। लखनऊ से दिल्ली जा रही गोला बस सर्विस की प्राइवेट वॉल्वो बस (BR-28P-4723) आगे चल रहे गिट्टी से लदे ट्रेलर (RJ-47GA-8143) के पिछले हिस्से से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
सूचना मिलते ही थाना राया प्रभारी निरीक्षक कर्मवीर सिंह, थाना मांट व थाना जमुनापार पुलिस, एसडीआरएफ तथा यमुना एक्सप्रेसवे अथॉरिटी की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव अभियान चलाया और बस में फंसे घायलों को बाहर निकालकर एम्बुलेंस के माध्यम से विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया। कई घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।
हादसे में बस चालक, परिचालक और दो यात्रियों सहित कुल चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतकों की पहचान के प्रयास जारी हैं और उनके परिजनों को सूचना दी जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार वर्जन
मथुरा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच और घायलों से पूछताछ में सामने आया है कि हादसे के समय बस का नियमित चालक वाहन नहीं चला रहा था। उसकी जगह परिचालक बस चला रहा था और बस तेज गति से दौड़ रही थी। इसी दौरान आगे चल रहे ट्रेलर के निकट पहुंचने पर बस अनियंत्रित होकर उसके पिछले हिस्से से टकरा गई। दुर्घटना के वास्तविक कारणों की विस्तृत जांच कराई जा रही है। यदि जांच में किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
राहत एवं बचाव कार्य में पूरी टीम जुटी रही
दुर्घटना के बाद यमुना एक्सप्रेसवे अथॉरिटी की ओर से सतीश चाहर, लोकेन्द्र सिंह सहित पूरी टीम मौके पर मौजूद रही। राहत एवं बचाव कार्य के दौरान घायलों को शीघ्र अस्पताल पहुंचाया गया तथा क्षतिग्रस्त बस को हटाकर एक्सप्रेसवे पर यातायात को सामान्य कराया गया।
घायलों में ये यात्री शामिल
घायलों में मनीष गौतम (लखनऊ), कृष्णा (गाजीपुर), ब्रज सुंदर (बलिया), जितेश (लखनऊ), अय्याश (गोरखपुर), मोईन (लखनऊ), अंकित (प्रतापगढ़), अजय (दिल्ली), अंकिता (गोरखपुर), मोहसिन खान (गाजियाबाद), अशोक शर्मा (दिल्ली), सुरेश (दिल्ली), पल्लवी (नई दिल्ली), मनीष राजवेदी (नई दिल्ली), विदास (नई दिल्ली), मनीष पांडेय (अयोध्या), पंकज श्रीवास्तव, धैर्य, प्रीति (फरीदाबाद), जयप्रकाश (दिल्ली), अनमोल (मध्य प्रदेश), रविंद्र (लखनऊ), वीरेंद्र सिंह (लखनऊ), अभिषेक (दिल्ली), इरम (लखनऊ), सुमान (लखनऊ) तथा अभिषेक (लखनऊ) शामिल हैं। सभी घायलों का विभिन्न अस्पतालों में उपचार जारी है।


