एक जनपद–पांच नदियां’ अभियान की बड़ी कामयाबी
बुलन्द संदेश/दानिश अली
सम्भल। जनपद में चल रहे “एक जनपद–पांच नदियां” अभियान के तहत वर्धमार नदी के पुनर्जीवन में बड़ी सफलता मिली है। वर्षों से सूखी पड़ी यह नदी अब फिर से बहने लगी है,जिससे प्रशासन के जल संरक्षण प्रयासों के सकारात्मक परिणाम सामने आने लगे हैं।जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल के निर्देशन में चल रहे इस अभियान ने क्षेत्र में नई उम्मीद जगाई है।
तहसील गुन्नौर के विकासखण्ड गुन्नौर और जुनावई से होकर गुजरने वाली करीब 14.5 किलोमीटर लंबी वर्धमार नदी में हाल ही में जल प्रवाह शुरू हो गया।इस नदी का उद्गम बबराला झील से होता है और यह कई गांवों से गुजरते हुए आगे महावा नदी में मिलती है।प्रशासन द्वारा पिछले एक महीने से नदी के पुनरुद्धार का कार्य युद्धस्तर पर कराया जा रहा था।गौरतलब है कि 6 जून को जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने ग्राम बाघऊ में पूजा-अर्चना के साथ अभियान का शुभारंभ किया था। इससे पहले 5 जून को नदी के कैचमेंट क्षेत्र में बने अवैध अतिक्रमण को हटाकर भूमि को मुक्त कराया गया। इसके बाद जेसीबी मशीनों की मदद से नदी की मूल धारा को पुनर्जीवित करने का कार्य लगातार जारी रहा।उप जिलाधिकारी गुन्नौर विकासचन्द्र ने बताया कि अब तक नदी के लगभग 8 से 9 किलोमीटर हिस्से में पुनरुद्धार कार्य पूरा किया जा चुका है और शेष कार्य भी जल्द पूर्ण कर लिया जाएगा। मानसून की शुरुआत के साथ ही नदी में पानी का बहाव दिखने लगा है।नदी में जल प्रवाह शुरू होने से क्षेत्र में भूजल स्तर बढ़ने, किसानों को सिंचाई की बेहतर सुविधा मिलने और पर्यावरण संतुलन मजबूत होने की उम्मीद है। यह पहल जनपद प्रशासन के सुनियोजित और प्रभावी प्रयासों का प्रत्यक्ष उदाहरण बनकर सामने आई है।


