*करोड़ों की ड्रग्स के साथ तस्कर गिरफ्तार, पांच लाख की ड्रग मनी और कार बरामद*
गाजियाबाद(आशा चौधरी) कमिश्नरेट पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे 'ऑपरेशन प्रहार' के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतरजनपदीय ड्रग तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे और उसकी निशानदेही पर भारी मात्रा में एमडीएमए, गांजा, चरस, ड्रग पैकिंग का सामान, पांच लाख रुपये की ड्रग मनी और तस्करी में प्रयुक्त कार बरामद की गई। बरामद माल की अनुमानित कीमत करीब 1.42 करोड़ रुपये बताई गई है।पुलिस के अनुसार थाना नंदग्राम पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) मेरठ की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर आशियाना चौक के पास घेराबंदी कर आरोपी नितिन यादव को गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर इंदिरापुरम स्थित एक फ्लैट से भारी मात्रा में मादक पदार्थ, पैकिंग मशीन, इलेक्ट्रॉनिक कांटे, मोबाइल फोन और नकदी बरामद की गई।पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह दिल्ली के झिलमिल क्षेत्र से मादक पदार्थ खरीदकर गाजियाबाद लाता था। इंदिरापुरम स्थित फ्लैट में उनकी पैकिंग कर स्थानीय स्तर पर अपने साथी के जरिए सप्लाई कराता था। बिक्री से मिलने वाली रकम भी वहीं रखी जाती थी और उसी पैसे से दोबारा नशीले पदार्थ खरीदे जाते थे।जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी के खिलाफ पहले से एनडीपीएस एक्ट, आबकारी अधिनियम और गैंगस्टर एक्ट सहित पांच आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों की तलाश में जुटी है और पूरे गिरोह की कड़ियां खंगाली जा रही हैं।


