बुलन्द संदेश/ शाहवेज खान
संभल (बहजोई), उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड, लखनऊ के निर्देश पर कलक्ट्रेट सभागार बहजोई में जनपद के जनप्रतिनिधियों और विद्युत विभाग के अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संभल विधायक इकबाल महमूद ने की।
बैठक में जनप्रतिनिधियों ने बिजली से जुड़ी विभिन्न समस्याएं उठाईं। विधायक इकबाल महमूद ने कहा कि कई स्थानों पर ट्रांसफार्मर खराब होने के बाद समय पर ठीक नहीं किए जाते, जिससे लोगों को परेशानी होती है। उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई समस्याओं का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
वहीं गुन्नौर विधायक राम खिलाड़ी यादव ने भी अपने क्षेत्र की बिजली समस्याओं से अवगत कराया और समाधान के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया गया। उन्होंने यह मुद्दा भी उठाया कि कई बार विद्युत विभाग के अधिकारी फोन नहीं उठाते, जिस पर मुख्य अभियंता ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनप्रतिनिधियों के फोन हर हाल में उठाए जाएं और यदि किसी कारण से फोन न उठ सके तो कॉल बैक कर समस्याएं सुनी जाएं।
नगर पालिका अध्यक्ष बहजोई राजेश शंकर राजू ने बहजोई के पास स्थित बिजली घर को जल्द संचालित करने की मांग रखी, ताकि विद्युत आपूर्ति बेहतर हो सके। साथ ही निर्माणाधीन कार्यों को समय पर पूरा करने और ट्रांसफार्मरों की कमियों को दूर करने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में विद्युत विभाग की ओर से अधीक्षण अभियंता ने पिछले वर्ष बेहतर बिजली आपूर्ति के लिए कराए गए विकास कार्यों और आगामी प्रस्तावित योजनाओं की जानकारी दी। मुख्य अभियंता अशोक चौरसिया ने अपने अधीनस्थ अधिकारियों को जनता की शिकायतें सुनने और उनका जल्द समाधान करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि ममलूकुर्रहमान बर्क, नगर पालिका अध्यक्ष चंदौसी, अधीक्षण अभियंता मंडल संभल हिमांशु वार्ष्णेय सहित विद्युत विभाग के कई अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।


