बुलन्द संदेश /ब्यूरो
मोदीनगर (अनवर खान)। थानाक्षेत्र के बुदाना गांव में किसान एवं कारोबारी हरिओम नेहरा की हत्या के मामले में पुलिस जांच तेजी से आगे बढ़ रही है। मुख्य आरोपी निखिल नेहरा की गिरफ्तारी के लिए गठित चार विशेष टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस ने घटनास्थल से जुटाए गए फोरेंसिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच का दायरा बढ़ा दिया है।
मृतक की पत्नी की तहरीर पर मोदीनगर थाने में निखिल नेहरा के खिलाफ हत्या समेत अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। वारदात के बाद से आरोपी अवैध पिस्टल के साथ फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश में विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर रही है। प्रारंभिक जांच में संपत्ति विवाद हत्या की प्रमुख वजह बनकर सामने आया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार हरिओम नेहरा के पास करीब 75 बीघा कृषि भूमि और दिल्ली-मेरठ मार्ग पर स्थित एक व्यावसायिक मार्केट थी। जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 150 करोड़ रुपये बताई जा रही है। आरोप है कि निखिल पूरी संपत्ति अपने नाम कराने का दबाव बना रहा था। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी को शराब की लत थी। घटना वाली रात वह नशे की हालत में घर पहुंचा था। पिता द्वारा टोके जाने पर विवाद बढ़ गया और उसने ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार वर्ष 2018 में भी निखिल पर अपने छोटे भाई नीशू पर जानलेवा फायरिंग करने का आरोप लग चुका है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद मामले से जुड़े कई अन्य पहलुओं का भी खुलासा हो सकेगा।
क्या है मामला
बुदाना गांव निवासी हरिओम नेहरा की बुधवार देर रात गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस के अनुसार वारदात का आरोप उनके पुत्र निखिल नेहरा पर है। बताया गया कि निखिल नशे की हालत में घर पहुंचा था आरोप है कि किसी बात को लेकर विवाद निखिल ने अपने पिता हरिओम पर ताबड़तोड़ गोरिया बरसा दीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया।


