सुभारती समूह के संस्थापक डॉ. अतुल कृष्ण बोले- नई पीढ़ी तक पहुंचाना है नेताजी सुभाष चंद्र बोस के विचार और स्वतंत्रता संग्राम का इतिहास
बुलन्द संदेश ब्यूरो:जावेद अब्बासी
मेरठ। नेताजी सुभाष चंद्र बोस और आजाद हिंद फौज के योगदान को याद करने के लिए 21 अक्टूबर को मेरठ में ‘अखंड भारत का स्वतंत्रता दिवस महापर्व-2026’ का आयोजन किया जाएगा। इसके तहत कैलाश प्रकाश स्टेडियम से विशाल रैली निकाली जाएगी। इसमें 50 से अधिक शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थी, विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के सदस्य और आम लोग शामिल होंगे। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को होटल मार्स रिसॉर्ट में प्रेस वार्ता की गई।
सुभारती समूह के संस्थापक डॉ. अतुल कृष्ण ने कहा कि महापर्व का उद्देश्य 21 अक्टूबर के ऐतिहासिक महत्व को नई पीढ़ी तक पहुंचाना और नेताजी सुभाष चंद्र बोस तथा आजाद हिंद फौज के योगदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि 21 अक्टूबर 1943 को नेताजी ने सिंगापुर में आजाद हिंद की अस्थायी सरकार की स्थापना की थी। यह भारत की स्वतंत्रता, आत्मसम्मान और राष्ट्रीय संकल्प का महत्वपूर्ण अध्याय है।
उन्होंने कहा कि युवाओं को स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास से परिचित कराने के साथ स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान से भी प्रेरणा लेनी चाहिए। राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में युवा पीढ़ी की भूमिका महत्वपूर्ण है।
कैलाश प्रकाश स्टेडियम से निकलेगी रैली
महापर्व आयोजन समिति के अध्यक्ष कर्नल राजेश त्यागी ने बताया कि मुख्य कार्यक्रम का शुभारंभ कैलाश प्रकाश स्टेडियम में आजाद हिंद फौज के सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट आर. माधवन पिल्लई द्वारा ध्वजारोहण के साथ होगा।
उन्होंने बताया कि रैली कैलाश प्रकाश स्टेडियम से शुरू होकर अंबेडकर तिराहा, चंद्रशेखर आजाद चौराहा और मेरठ कचहरी के पश्चिमी द्वार से होते हुए मेरठ कॉलेज के सामने नेताजी चक्र तक पहुंचेगी। यहां गणमान्य अतिथियों द्वारा रैली को सलामी दी जाएगी। इसके बाद रैली आयुक्त कार्यालय से होते हुए वापस कैलाश प्रकाश स्टेडियम पहुंचकर संपन्न होगी।
प्रेस वार्ता में कर्नल राजेश त्यागी और गणेश शंकर विद्यार्थी सुभारती पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के अध्यक्ष प्रो. डॉ. ऋतेष चौधरी भी मौजूद रहे।


