cbamazon
उत्तर प्रदेश

21 दिनों में एक दर्जन से अधिक सर्पदंश के मरीज पहुंचे सीएचसी सिखेड़ा, दो और मेरठ रेफर

21 दिनों में एक दर्जन से अधिक सर्पदंश के मरीज पहुंचे सीएचसी सिखेड़ा, दो और मेरठ रेफर

 बुलन्द संदेश  ब्यूरो

गढ़मुक्तेश्वर (गुफरान अली)।
सिंभावली क्षेत्र में बरसात के मौसम के दौरान सर्पदंश की घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सिखेड़ा में पिछले 21 दिनों के दौरान एक दर्जन से अधिक सर्पदंश के मरीज उपचार के लिए पहुंच चुके हैं। लगातार सामने आ रहे मामलों से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
ताजा मामले में गांव भरना निवासी अमन पुत्र भीकम सिंह (32 वर्ष) को देर शाम अपने घर पर सांप ने डस लिया। बताया गया कि घर के पास पेड़ पर चढ़ रहे सांप ने अचानक उसके हाथ पर लिपटकर काट लिया। परिजनों ने तत्काल एंबुलेंस की सहायता से उसे सीएचसी सिखेड़ा पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
वहीं दूसरे मामले में गांव जखेड़ा रहमतपुर निवासी नवीन कुमार पुत्र अशोक कुमार (38 वर्ष) खेत में कार्य कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें सांप ने काट लिया। परिजन उन्हें तुरंत सीएचसी सिखेड़ा लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें भी बेहतर उपचार के लिए मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
सीएचसी प्रभारी डॉ. अमित बैसला ने बताया कि गर्मी और बरसात के मौसम में सांप अपने बिलों से निकलकर खेतों, झाड़ियों और रिहायशी क्षेत्रों में पहुंच जाते हैं। ऐसे में खेतों या झाड़ियों के आसपास जाते समय टॉर्च या अन्य रोशनी का प्रयोग करें तथा बिना सावधानी के झाड़ियों में हाथ न डालें।
उन्होंने बताया कि पिछले 21 दिनों में सीएचसी सिखेड़ा में सर्पदंश के एक दर्जन से अधिक मरीज उपचार के लिए पहुंच चुके हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि सांप के काटने पर झाड़-फूंक या अंधविश्वास के चक्कर में समय न गंवाएं, बल्कि पीड़ित को तत्काल नजदीकी सरकारी अस्पताल पहुंचाकर चिकित्सकीय उपचार कराएं, ताकि समय रहते उचित इलाज मिल सके और मरीज की जान बचाई जा सके।