बुलन्द संदेश ब्यूरो
एसएसपी के अभियान के तहत वांछित अपराधी दबोचा, गैंगस्टर एक्ट के मामले में चल रहा था फरार
डिबाई (केपी सिंह चौहान)। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह के निर्देशन में जनपद में अपराध एवं वांछित अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना नरौरा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी अपराधी भूपेन्द्र यादव को अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस सहित गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त भूपेन्द्र यादव पुत्र बुद्धपाल उर्फ बुढ़ी, निवासी ग्राम उदयभानपुर, थाना गुनौर, जनपद सम्भल का रहने वाला है। वह थाना नरौरा में दर्ज मु0अ0सं0-136/2026 धारा 2/3 गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा 25 हजार रुपये का पुरस्कार घोषित किया गया था।
मंगलवार को पुलिस टीम ने अभियान के दौरान आरोपी को गिरफ्तार किया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 315 बोर का एक अवैध तमंचा तथा एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। बरामदगी के आधार पर थाना नरौरा में मु0अ0सं0-171/2026 धारा 3/25 शस्त्र अधिनियम के तहत एक और मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया।
पुलिस अभिलेखों के अनुसार भूपेन्द्र यादव का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके विरुद्ध थाना नरौरा में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं, गैंगस्टर एक्ट तथा शस्त्र अधिनियम के तहत कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में अपराधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाएगी।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक रामवीर सिंह के नेतृत्व में उपनिरीक्षक उमाशंकर भारद्वाज, उपनिरीक्षक अमित कुमार, उपनिरीक्षक प्रशान्त यादव, हेड कांस्टेबल अमित कुमार, कांस्टेबल अतुल कुमार, कांस्टेबल अभिषेक पंवार एवं रिजर्व कांस्टेबल प्रशान्त शामिल रहे।


