बुलन्द संदेश /ब्यूरो
गाजियाबाद(आशा चौधरी) इंदिरापुरम थाना पुलिस ने बिजली ट्रांसफार्मर चोरी के मामले का पर्दाफाश करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी किए गए 25 केवीए ट्रांसफार्मर के चार लोहे के टुकड़े, करीब 21 लीटर ट्रांसफार्मर ऑयल, 26 किलो तांबे का तार और वारदात में इस्तेमाल किया गया गैस कटर बरामद किया है। पुलिस फरार छह अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है। पुलिस के अनुसार, 12 जुलाई को न्यायखंड-3 निवासी घनश्याम शर्मा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि कनावनी नहर रोड किनारे लगा 25 केवीए का बिजली ट्रांसफार्मर चोरी हो गया है। मामले में मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम गठित की गई। जांच के दौरान मुखबिर की सूचना पर रविवार को पुलिस ने मोहम्मद दानिश कुरैशी (35), निवासी केला भट्टा, कोतवाली गाजियाबाद को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से ट्रांसफार्मर के कटे हुए हिस्से, तेल, तार और गैस कटर बरामद किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने अपने छह साथियों आमिर, रूरा उर्फ रेहान, इरशाद उर्फ सल्लू, बल्लू, दावेद और मेरबाज कबाड़ी के साथ मिलकर ट्रांसफार्मर चोरी की थी। सभी आरोपी एक डिजायर कार और पिकअप वाहन से मौके पर पहुंचे थे। ट्रांसफार्मर चोरी करने के बाद उसे सुनसान स्थान पर ले जाकर गैस कटर से काटा गया और उसके लोहे, तेल तथा तार को अलग कर बेचने की तैयारी थी। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया है। वहीं फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


