cbamazon
उत्तर प्रदेश

25 करोड़ की लागत से बनेगा मुख्यमंत्री मॉडल कम्पोजिट विद्यालय, विधायक धर्मेश सिंह तोमर ने किया भूमि पूजन

25 करोड़ की लागत से बनेगा मुख्यमंत्री मॉडल कम्पोजिट विद्यालय, विधायक धर्मेश सिंह तोमर ने किया भूमि पूजन

 

गाजियाबाद। धौलाना विधानसभा क्षेत्र के ग्राम डीडवारी (चित्तौड़ा), तहसील सदर में लगभग ₹25 करोड़ की लागत से बनने वाले मुख्यमंत्री मॉडल कम्पोजिट विद्यालय (प्री-प्राइमरी से कक्षा 12 तक) का भूमि पूजन धौलाना के विधायक धर्मेश सिंह तोमर ने मुख्य अतिथि के रूप में किया।

इस अवसर पर विधायक धर्मेश सिंह तोमर ने कहा कि डबल इंजन की सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के समग्र विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य और आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गरीब, किसान और मजदूर परिवारों के बच्चों को उनके अपने क्षेत्र में ही गुणवत्तापूर्ण एवं सुव्यवस्थित शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बड़े पैमाने पर मुख्यमंत्री मॉडल कम्पोजिट विद्यालय स्थापित किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि चित्तौड़ा में इस विद्यालय की स्थापना से आसपास के सैकड़ों ग्रामीण छात्र-छात्राओं को प्री-प्राइमरी से लेकर कक्षा 12 तक की बेहतर एवं सुलभ शिक्षा का लाभ मिलेगा, जिससे ग्रामीण क्षेत्र की शिक्षा व्यवस्था को नई दिशा मिलेगी।

कार्यक्रम में बेसिक शिक्षा अधिकारी ओ.पी. यादव, खंड शिक्षा अधिकारी कविता चौहान, एसआरजी पूनम शर्मा, अमरजीत सिंह बिड्डी, पूर्व जिला महामंत्री भाजपा जितेंद्र चित्तौड़ा, पूर्व जिला मंत्री पवन त्यागी, मंडल अध्यक्ष नीरज, मंडल उपाध्यक्ष राजा दीवान, मंडल महामंत्री देवेंद्र सांगवान, अरविंद प्रधान (चित्तौड़ा), पूर्व प्रधान अजीत सिंह, पूर्व प्रधान सुंदरपाल, दिलावर सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं ग्रामीण मौजूद रहे।

भूमि पूजन कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने मुख्यमंत्री मॉडल कम्पोजिट विद्यालय की स्थापना को क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए सरकार और जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया। विद्यालय बनने से ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को आधुनिक शैक्षिक सुविधाओं का लाभ मिलेगा तथा शिक्षा के क्षेत्र में नया आयाम स्थापित होगा