cbamazon
उत्तर प्रदेश

75 फीट की रंगोली में दिखा स्वच्छता और विकास का संदेश

75 फीट की रंगोली में दिखा स्वच्छता और विकास का संदेश

सेवा संकल्प अभियान के तहत छात्राओं ने फूलों से सजाई विशाल रंगोली

बुलंद संदेश ब्यूरो:जावेद अब्बासी 

सरधना। सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवार को नगर पालिका की ओर से देवी मंदिर परिसर में विशाल रंगोली कार्यक्रम का आयोजन किया गया। नगर पालिका अध्यक्ष सबीला बेगम के मार्गदर्शन और अधिशासी अधिकारी दीपिका शुक्ला के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न स्कूलों की छात्राओं ने हिस्सा लिया।

छात्राओं ने गेंदे के फूल, गुलाब की पंखुड़ियों और प्राकृतिक रंगों की मदद से करीब 75x75 फीट की विशाल रंगोली तैयार की। रंगोली को कई खंडों में बांटकर स्वच्छ भारत मिशन, जल जीवन मिशन, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, प्रधानमंत्री आवास योजना और विकसित भारत जैसे विषयों को आकर्षक तरीके से दर्शाया गया। रंगोली के माध्यम से ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ का संदेश दिया गया।

इस दौरान नगर के नागरिक, सभासद, जनप्रतिनिधि, देवी मंदिर कमेटी के पदाधिकारी और सदस्य, प्रशासनिक अधिकारी तथा विद्यालयों के छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

अधिशासी अधिकारी दीपिका शुक्ला ने छात्राओं की सराहना करते हुए कहा कि वे नगर की स्वच्छता दूत हैं। उनके द्वारा बनाई गई रंगोली स्वच्छता, शिक्षा और नारी सशक्तिकरण का संदेश देती है।

कार्यक्रम के अंत में छात्राओं ने रंगोली के चारों ओर हाथों में हाथ डालकर मानव श्रृंखला बनाई और एकता व स्वच्छता की शपथ ली।