बुलन्द संदेश ब्यूरो
दानिश अली
सम्भल। शासन के निर्देश पर चलाए जा रहे "एक पेड़ माँ के नाम" वृक्षारोपण महाअभियान के अंतर्गत रविवार को श्रम विभाग संभल ने व्यापक स्तर पर पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। विभाग द्वारा निर्धारित लक्ष्य 7500 पौधों को सफलतापूर्वक रोपित किया गया,जिससे जनपद में हरियाली बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया।
कार्यक्रम के तहत सहायक श्रमआयुक्त रामलखन पटेल ने चंदौसी स्थित वीनस शुगर मिल में स्वयं पौधारोपण कर अभियान का नेतृत्व किया।इस दौरान विभागीय कर्मचारियों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। लिपिक ललित कुमार ने भी पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण की मुहिम को मजबूती प्रदान की।इसके अतिरिक्त धामपुर शुगर मिल असमौली,धामपुर शुगर मिल रजपुरा तथा कल्कि धाम सहित विभिन्न स्थानों पर भी श्रम विभाग की टीमों द्वारा वृक्षारोपण किया गया। सभी स्थलों पर लगाए गए पौधों की देखभाल और संरक्षण को लेकर अधिकारियों ने विशेष जोर दिया।सहायक श्रमआयुक्त ने कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को पौधों के संरक्षण का संकल्प दिलाते हुए कहा कि केवल पौधे लगाना ही नहीं,बल्कि उनकी नियमित देखरेख करना भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने आमजन से भी अपील की कि वे पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाएं और उनकी रक्षा करें।इस अभियान में श्रम प्रवर्तन अधिकारी मौ. अजम एवं लिपिक ललित कुमार का विशेष योगदान रहा। विभाग के इस प्रयास से जनपद में पर्यावरण संरक्षण को लेकर जागरूकता बढ़ी है।


