बुलन्द संदेश ब्यूरो
क्योलड़िया। थाना क्षेत्र के गांव सिठौरा निवासी एक किसान ने खाद और डीजल खरीदने के दौरान अधिक कीमत मांगने का विरोध किया तो दुकानदार और उसके साथियों पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। घायल किसान ने चार लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर पुलिस को दी है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है पीड़ित किसान रामऔतार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि मंगलवार दोपहर करीब 2:30 बजे वह चौराहे पर स्थित शांति पाल की दुकान पर खाद और डीजल लेने गया था। आरोप है कि दुकानदार निर्धारित दर से अधिक रुपये मांग रहा था। इसका विरोध करने पर कहासुनी हो गई किसान का आरोप है कि इसके बाद दुकानदार शांति पाल ने अपने साथी ओमकार, हेमराज और भगवान दास के साथ मिलकर लाठी-डंडों से उसकी पिटाई कर दी। मारपीट में उसके हाथ में गंभीर चोट आई, जिससे हाथ फ्रैक्चर हो गया। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर किसान को बचाया घायल किसान ने चारों आरोपियों के खिलाफ थाना पुलिस को नामजद तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है थाना प्रभारी वेद सिंह ने बताया कि मामले की तहरीर प्राप्त हो गई है। प्रकरण की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।


