अधिशासी अधिकारी नीतू सिंह के नेतृत्व में नागरिकों एवं व्यापारियों को कपड़े के थेलों का वितरण किया गया
समस्त नागरिकों से अपील ,ना कहे पॉलिथीन को, अपनाएँ कपड़े का थैला,
बुलंद संदेश ब्यूरो
शिकारपुर। शुक्रवार को अंतर्राष्ट्रीय प्लास्टिक बैग फ्री डे के अवसर पर नगर पालिका परिषद शिकारपुर द्वारा नगर में विशेष जनजागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के अंतर्गत अधिशासी अधिकारी नीतू सिंह के नेतृत्व में नागरिकों एवं व्यापारियों को कपड़े के थैलों का वितरण किया गया तथा सभी से प्रतिबंधित सिंगल यूज़ प्लास्टिक एवं पॉलीथिन का उपयोग पूर्णतः बंद करने की अपील की गई।
इस अवसर पर सभासद गौतम सूर्यवंशी, स्वच्छता ब्राण्ड एम्बेसडर वीरेन्द्र गर्ग, मुकेश गर्ग एवं सभासद पति रंजीत सैनी उपस्थित रहे। सभी ने संयुक्त रूप से बाजार क्षेत्र में दुकानदारों एवं आम नागरिकों से संवाद कर पर्यावरण संरक्षण के लिए कपड़े के थैलों को अपनाने तथा प्लास्टिक मुक्त शिकारपुर बनाने में अपना सहयोग देने का आह्वान किया।
अधिशासी अधिकारी नीतू सिंह ने कहा कि प्लास्टिक प्रदूषण पर्यावरण, मानव स्वास्थ्य एवं पशु-पक्षियों के लिए गंभीर खतरा है। यदि प्रत्येक नागरिक कपड़े के थैले का उपयोग करने का संकल्प ले, तो हम एक स्वच्छ, सुंदर एवं प्लास्टिक मुक्त शिकारपुर का निर्माण कर सकते हैं।
नगर पालिका परिषद शिकारपुर द्वारा समस्त नगरवासियों से अपील है कि 'ना कहें पॉलीथिन को, अपनाएँ कपड़े का थैला' और पर्यावरण संरक्षण की इस मुहिम में सहभागी बनें। जनसहभागिता से ही स्वच्छ, स्वस्थ एवं हरित शिकारपुर का सपना साकार किया जा सकता है


