cbamazon
उत्तर प्रदेश

अग्रवाल समाज को संगठित कर बढ़ाई जाएगी राजनीतिक भागीदारी : विनीत शारदा

अग्रवाल समाज को संगठित कर बढ़ाई जाएगी राजनीतिक भागीदारी : विनीत शारदा

बुलन्द संदेश /ब्यूरो

मोदीनगर (अनवर खान)। अग्रवाल समाज की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने और उसे संगठित करने के उद्देश्य से श्री अग्रसेन सेवा ट्रस्ट ने व्यापक अभियान शुरू करने की घोषणा की है। श्री अग्रसेन सेवा ट्रस्ट के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष व भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष विनीत अग्रवाल शारदा का कहना है कि देश की बड़ी आबादी होने के बावजूद अग्रवाल समाज की राजनीतिक भागीदारी नगण्य है। जिसे संगठित प्रयासों के माध्यम से मजबूत किया जाएगा। 

           विनीत शारदा ने कहा कि अब समाज अपने हितों और प्रतिनिधित्व को लेकर जागरूक हो रहा है तथा संगठित होकर नई दिशा में आगे बढ़ने के लिए तैयार है। तहसील के सामने स्थित एक रिसोर्ट में आयोजित पत्रकार वार्ता में विनीत अग्रवाल शारदा ने कहा कि श्री अग्रसेन सेवा ट्रस्ट केवल सामाजिक संगठन के रूप में ही नहीं, बल्कि समाज को एकजुट करने वाले मंच के रूप में भी कार्य कर रहा है। इसी उद्देश्य को लेकर संगठन का विस्तार देश के विभिन्न राज्यों में किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि राज्यों को विभिन्न क्षेत्रों में विभाजित कर मंडल, जिला और नगर स्तर पर समितियों का गठन किया जाएगा। उन्होंने जानकारी दी कि गाजियाबाद का जिलाध्यक्ष तिबड़ा रोड निवासी प्रमोद सिंघल को बनाया गया है। संगठन का लक्ष्य समाज के युवाओं, व्यापारियों और बुद्धिजीवियों को एक मंच पर लाकर सामाजिक एवं राष्ट्रीय सरोकारों से जोड़ना है।

           पत्रकार वार्ता के दौरान विनीत अग्रवाल शारदा ने मेरठ के परतापुर शताब्दी नगर में निर्माणाधीन अग्रोहा धाम परियोजना की जानकारी देते हुए बताया कि यहां महाराजा अग्रसेन का भाव मंदिर का निर्माण कराया जाएगा। जिसमें महाराजा अग्रसेन व अनेक देवी देवताओं की प्रतिमाओं के अलावा भगवान हनुमान की 51 फीट ऊंची प्रतिमा स्थापित की जाएगी। इसके अतिरिक्त 50 बेड का आधुनिक अस्पताल, यज्ञशाला तथा वृद्धजनों के लिए 72 स्टूडियो अपार्टमेंट भी बनाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि अस्पताल में जरूरतमंदों को निःशुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इससे पूर्व आयोजकों ने विनीत शारदा का पटका पहनाकर और पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुन्नू अग्रवाल ने की, जबकि संयोजन दिनेश सिंघल और संचालन अजय गुप्ता ने किया।

        प्रेस वार्ता में राकेश गोयल, सत्येंद्र गुप्ता, देवराज मित्तल, प्रवीण मित्तल, अमित गोयल, नीरज गुप्ता, दीपक गुप्ता, अमित गुप्ता, संजय गुप्ता, सुशील बिंदल, संजय सिंघल, अश्वनी गुप्ता, महेश तायल, दिनेश जिंदल, राजेंद्र गोयल, राजेश गुप्ता, दीपक दारिका, प्रवीन अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।