बुलन्द संदेश /ब्यूरो
आय-संपत्ति में कथित असंगति और ट्रस्ट से जुड़े मामलों पर मांगा स्पष्टीकरण
संवाददाता जावेद अब्बासी
लखनऊ।उत्तर प्रदेश के ऊर्जा राज्य मंत्री सोमेंद्र तोमर और उनकी पत्नी की घोषित आय एवं संपत्तियों को लेकर दायर शिकायत पर उप लोकायुक्त ने दोनों से जवाब तलब किया है। यह शिकायत आजाद अधिकार सेना की ओर से दर्ज कराई गई थी।
आजाद अधिकार सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमिताभ ठाकुर ने शिकायत में आरोप लगाया था कि वर्ष 2017 और 2022 के विधानसभा चुनावों में दिए गए शपथपत्रों के अनुसार मंत्री और उनकी पत्नी की कुल घोषित आय करीब 72 लाख रुपये रही, जबकि इसी अवधि में उनकी चल और अचल संपत्तियों में लगभग 2.13 करोड़ रुपये की वृद्धि दिखाई गई। शिकायत में इस अंतर के स्रोत और कारणों की निष्पक्ष जांच की मांग की गई है।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि सोमेंद्र तोमर शांति निकेतन ट्रस्ट के अध्यक्ष हैं। आरोप है कि ट्रस्ट ने जनवरी 2023 से अप्रैल 2025 के बीच कायस्थ मावंडी गांव में करीब 47 हजार वर्गमीटर भूमि खरीदी, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 10.5 करोड़ रुपये बताई गई है। शिकायतकर्ता ने इस खरीद की भी जांच कराने की मांग की है।
इसी शिकायत पर संज्ञान लेते हुए उप लोकायुक्त ने मंत्री सोमेंद्र तोमर और उनकी पत्नी से जवाब मांगा है। मामले में आगे की कार्रवाई जवाब प्राप्त होने के बाद की जाएगी।


