राष्ट्रीय अध्यक्ष ने चुनाव की तैयारियों में जुटने के दिए निर्देश, टिकट के दावेदारों में बढ़ी सक्रियता
बुलंद संदेश ब्यूरो:जावेद अब्बासी
मेरठ। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और सिवाल खास विधानसभा क्षेत्र के पूर्व प्रत्याशी नदीम चौहान ने आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात की। इस दौरान उनके साथ कई प्रमुख समर्थक भी मौजूद रहे। मुलाकात के बाद सिवाल खास विधानसभा सीट पर सपा के टिकट के दावेदारों के बीच राजनीतिक हलचल तेज हो गई है।मुलाकात के दौरान नदीम चौहान ने अखिलेश यादव को सिवाल खास क्षेत्र की जनसमस्याओं और राजनीतिक समीकरणों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता कई समस्याओं से जूझ रही है और समाजवादी पार्टी से उम्मीद लगाए हुए है।बताया गया कि अखिलेश यादव ने नदीम चौहान और उनके समर्थकों को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने के निर्देश दिए। उन्होंने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर जनता के बीच पार्टी की नीतियों को पहुंचाने और संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।मुलाकात के बाद सिवाल खास विधानसभा क्षेत्र में नदीम चौहान की दावेदारी को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि, पार्टी की ओर से अभी टिकट को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।नदीम चौहान ने राष्ट्रीय अध्यक्ष का आभार जताते हुए कहा कि वह उनके निर्देशों के अनुसार क्षेत्र में सक्रिय रहेंगे और कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर जनता के बीच पार्टी को मजबूत करने का काम करेंगे।


