बुलन्द संदेश ब्यूरो
अमरोहा(डा.महताब अमरोहवी)
अमरोहा यातायात पुलिस के विशेष अभियान के अंतर्गत शराब पीकर वाहन चलाने व यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई का सिलसिला जारी है और इस संदर्भ में रोजाना दर्जनों चालान किये जा रहे हैं। पुलिस अपर महानिदेशक यातायात, लखनऊ के निर्देशानुसार चलाए जा रहे विशेष अभियान के क्रम में पुलिस उपाधीक्षक यातायात के पर्यवेक्षण में गत रात्रि जोया टोल प्लाजा पर शराब पीकर वाहन चलाने वाले चालकों एवं यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया गया।अभियान के दौरान यातायात प्रभारी एवं यातायात पुलिस की तीन टीमों द्वारा तीन लेनों पर सघन वाहन चेकिंग की गई। इस दौरान लगभग एक सौ से भी अधिक वाहनों की जांच की गई, जिसमें एक चालक शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पाया गया। साथ ही पांच वाहनों में प्रेशर हॉर्न तथा दस वाहनों में दोषपूर्ण नंबर प्लेट पाई गई।यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले सभी 16 वाहनों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत चालान की कार्रवाई की गई।
अमरोहा पुलिस आमजन से अपील करती है कि शराब पीकर वाहन न चलाएं, निर्धारित मानकों के अनुरूप नंबर प्लेट का प्रयोग करें तथा प्रेशर हॉर्न जैसे प्रतिबंधित उपकरणों का उपयोग न करें। यातायात नियमों का पालन कर स्वयं सुरक्षित रहें तथा अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करें।


