cbamazon
उत्तर प्रदेश

अपर पुलिस अधीक्षक सुरेश चंद्र रावत बने आईपीएस, पीपिंग सेरेमनी में कंधों पर सजे नए सितारे

अपर पुलिस अधीक्षक सुरेश चंद्र रावत बने आईपीएस, पीपिंग सेरेमनी में कंधों पर सजे नए सितारे

बुलंद संदेश ब्यूरो

पुलिस लाइन के विमर्श सभागार में आयोजित समारोह में एसएसपी श्लोक कुमार ने लगाया आईपीएस बैज, अधिकारियों ने दी शुभकामनाएं

 

मथुरा। जनपद के अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सुरेश चंद्र रावत को प्रांतीय पुलिस सेवा (पीपीएस) से भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) कैडर में पदोन्नत किए जाने पर शनिवार को पुलिस लाइन स्थित विमर्श सभागार में भव्य पीपिंग सेरेमनी आयोजित की गई। समारोह के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने राजपत्रित पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में उनके कंधों पर आईपीएस का बैज लगाकर सम्मानित किया।

 

इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने सुरेश चंद्र रावत को बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने अपने सेवा काल में कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी और उत्कृष्ट कार्यशैली से पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली को सुदृढ़ बनाया है। उन्होंने कहा कि जनसुरक्षा और कानून व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने में रावत का योगदान सराहनीय रहा है। एसएसपी ने उन्हें नई जिम्मेदारियों के सफल निर्वहन के लिए शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

 

पीपिंग सेरेमनी के दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों में उत्साह का माहौल रहा। उपस्थित अधिकारियों ने सुरेश चंद्र रावत को आईपीएस कैडर में पदोन्नति पर बधाई देते हुए इसे मथुरा पुलिस के लिए गौरव का क्षण बताया। समारोह में विभिन्न शाखाओं के राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारी एवं पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

 

सुरेश चंद्र रावत की भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) कैडर में पदोन्नति को जनपद पुलिस के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि उनकी पदोन्नति से विभाग में कार्यरत अधिकारियों और कर्मचारियों का मनोबल बढ़ेगा तथा जनसेवा के प्रति और अधिक समर्पण के साथ कार्य करने की प्रेरणा मिलेगी।