बुलन्द संदेश /ब्यूरो
दानिश अली
संभल। नगर केचंदौसी रोड स्थित हसीना बेगम हॉस्पिटल में भर्ती एक मरीज की मौत को लेकर परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए । परिजनों का कहना है कि मरीज की मौत के बाद करीब छह घंटे तक इसकी जानकारी उनसे छिपाई गई,जिससे आक्रोश फैल गया।
थाना नखासा की दहेपा पुलिस चौकी क्षेत्र के गांव मन्नीखेड़ा निवासी 55 वर्षीय राजमिस्त्री शीशपाल कुमार को ब्लड प्रेशर की समस्या के चलते रविवार दोपहर करीब 2:30 बजे अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इससे पहले उनका इलाज अमरोहा जनपद के सैदनगली स्थित एक निजी अस्पताल में चल रहा था,लेकिन हालत में सुधार न होने पर उन्हें संभल लाया गया।परिजनों के अनुसार अस्पताल प्रशासन ने इलाज में सुधार का भरोसा दिया था,लेकिन कथित लापरवाही के चलते शीशपाल की हालत बिगड़ गई। दामाद सुनील कुमार ने आरोप लगाया कि शीशपाल की मौत रात करीब 2:30 बजे ही हो चुकी थी, लेकिन अस्पताल कर्मियों ने सुबह 9 बजे तक इसकी जानकारी नहीं दी।सुबह जब वह दवाई देने के लिए कमरे में पहुंचे तो शीशपाल बेड पर मृत अवस्था में मिले। इसके बाद परिजनों ने डॉक्टरों से जवाब मांगा तो उनके साथ अभद्रता और धमकाने का भी आरोप लगाया गया।मामले की शिकायत मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) से की गई है और कार्रवाई की मांग उठाई गई है। सूचना मिलने पर पुलिस टीम भी अस्पताल पहुंची और जांच शुरू कर दी।थाना प्रभारी सुधीर कुमार ने बताया कि मामले की जानकारी लेकर जांच की जा रही है। शिकायत और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा है। मृतक अपने पीछे पत्नी,तीन बेटे और तीन बेटियों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं।


