बुलन्द संदेश/मोनू सिंह
असमोली: विकास खण्ड असमोली में नवागत खण्ड विकास अधिकारी (बीडीओ) आकाश कुमार गंगवार ने पदभार ग्रहण करने के पश्चात ब्लॉक कार्यालय में सभी सहायक विकास अधिकारियों, समस्त पंचायत सचिवों और स्टाफ के साथ पहली समीक्षा बैठक की। 27 जुलाई को कार्यभार संभालने वाले 2024 बैच के पीडीएस अधिकारी आकाश कुमार गंगवार की बीडीओ के रूप में यह पहली नियुक्ति है। अपनी पहली ही बैठक में उन्होंने विकास कार्यों को गति देने और पारदर्शी कार्यशैली अपनाने पर विशेष जोर दिया।
समीक्षा बैठक के दौरान खण्ड विकास अधिकारी ने जनसमस्याओं के निस्तारण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि आई.जी.आर.एस. की सभी शिकायतों का निस्तारण तय समय-सीमा के भीतर और पूरी गुणवत्ता के साथ किया जाए। इसके लिए निस्तारण से पूर्व शिकायतकर्ता से सीधा संपर्क स्थापित करना अनिवार्य होगा, ताकि समस्या का वास्तविक समाधान हो सके। इसके साथ ही उन्होंने शासन की सभी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ गांव के अंतिम गरीब व्यक्ति तक पहुंचाने की हिदायत दी।
पवित्र श्रावण मास के दृष्टिगत बीडीओ ने सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) को कांवड़ यात्रा के मार्गों और क्षेत्र के सभी शिवालयों में विशेष साफ-सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिवालयों पर आने वाले कांवड़ियों और श्रद्धालुओं को पेयजल सहित सभी आवश्यक सुविधाएं प्रमुखता से उपलब्ध कराई जाएं, ताकि उन्हें किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की समीक्षा करते हुए उन्होंने ब्लॉक मिशन मैनेजर को निर्देशित किया कि क्षेत्र के सभी पात्र गृहस्थी परिवारों को स्वयं सहायता समूहों से तेजी से जोड़ा जाए, जिससे ग्रामीण परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत हो सके। इस बैठक में कुलदीप सिंह, सुनील कुमार सिंह, सौरभ सिरोही, रोहताश कुमार, रन्जीत सिंह, कोनाल सिंह, ओमवीर सिंह, पवन शर्मा, शैलेन्द्र सिंह, रविकांत सिंह, पुष्पेन्द्र सिंह, कुलवन्त सिंह, रमन कुमार, शिव कुमार, कपिल कुमार, मुकेश कुमार, वीर सिंह और तेजपाल सिंह सहित ब्लॉक के तमाम अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।


