मोनू सिंह/बुलन्द संदेश /असमोली
जनपद संभल की थाना असमोली पुलिस ने क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं का सफल खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की नकदी, सोने-चांदी के आभूषण, इन्वर्टर, बैटरियां, प्रिंटर, फ्रिज, बीपी मशीन, स्टेबलाइजर, चोरी की मोटरसाइकिलें और उनके चेसिस सहित भारी मात्रा में सामान बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी लंबे समय से बंद पड़े मकानों, पंचायत घरों, आंगनबाड़ी केंद्रों और आरोग्य मंदिरों को निशाना बनाकर चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे थे।
पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार विश्नोई के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह के पर्यवेक्षण में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कार्यवाहक थाना प्रभारी संजीव गिरि के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शुक्रवार को मुखबिर की सूचना पर ग्राम नरैटा मोहम्मदपुर चौराहे से मुबारकपुर बंद की ओर जाने वाले मार्ग पर घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुलदीप (23 वर्ष) पुत्र सोमपाल निवासी ग्राम पतई खालसा, थाना डिडौली, जनपद अमरोहा तथा मुस्कुरान (21 वर्ष) पुत्र सजहर अली निवासी ग्राम राजा गालिबपुर, थाना असमोली, जनपद संभल के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे मजदूरी करते थे, लेकिन उससे उनके खर्च और शौक पूरे नहीं हो रहे थे। इसी कारण उन्होंने चोरी का रास्ता अपना लिया। शुरुआती वारदातों में सफलता मिलने के बाद उनका हौसला बढ़ गया और वे रात के समय बंद पड़े मकानों, सरकारी भवनों और पंचायत घरों को निशाना बनाने लगे।
आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने असमोली क्षेत्र के ग्राम डोडी, रचैटा और सैंधरी में कई घरों व पंचायत घरों में चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया। इसके अलावा डिडौली क्षेत्र के बुढ़नपुर आरोग्य मंदिर तथा ऐचोड़ा स्थित भवालपुर आंगनबाड़ी केंद्र में भी चोरी की वारदातें कीं। उन्होंने यह भी कबूल किया कि दिल्ली से तीन, मुरादाबाद के अजूबा पार्क क्षेत्र से एक तथा डिडौली क्षेत्र से एक मोटरसाइकिल चोरी की थी। पहचान छिपाने के लिए वे चोरी की मोटरसाइकिलों के पार्ट्स अलग-अलग कर बेच दिया करते थे।
पुलिस के अनुसार आरोपियों की गिरफ्तारी से थाना असमोली और डिडौली में दर्ज कई चोरी के मुकदमों का खुलासा हुआ है। इनमें ग्राम सैंधरी में मकान से इन्वर्टर, बैटरी और गैस सिलेंडर की चोरी, ग्राम डोडी में नकदी व जेवरात की चोरी, ग्राम रचैटा में दो घरों में चोरी, रचैटा पंचायत घर से इन्वर्टर, बैटरियां और स्टेबलाइजर की चोरी तथा डोडी पंचायत घर से बैटरियां और इन्वर्टर चोरी की घटनाएं प्रमुख हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का भारी मात्रा में सामान बरामद किया है। इसमें इन्वर्टर, बैटरियां, प्रिंटर, फ्रिज, बीपी मशीन, स्टेबलाइजर, नकदी, सोने-चांदी के आभूषण, चोरी की मोटरसाइकिलें तथा उनके चेसिस शामिल हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि कुछ चोरी का सामान उन्होंने राह चलते लोगों को बेच दिया था।
इस कार्रवाई में कार्यवाहक थाना प्रभारी संजीव गिरि, उपनिरीक्षक रोहित मलिक, उपनिरीक्षक संजय कुमार, कांस्टेबल सचिन कुमार भड़ाना, अंकित वर्मा, रमन, प्रिंस कुमार और विशाल कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।


