बुलन्द संदेश /ब्यूरो
मोदीनगर (अनवर खान)। मोदीनगर-रिखेड़ा मार्ग से कथित अतिक्रमण नहीं हटाए जाने पर पुरुषार्थ क्रांतिकारी संगठन ने 20 जुलाई को तहसील के सामने सड़क जाम आंदोलन की चेतावनी दी है। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेंद्र कौशिक ने इस संबंध में उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन में कहा गया है कि संगठन ने मोदीनगर-रिखेड़ा रोड पर सड़क किनारे स्थित मजार और माता के स्थान के रूप में किए गए कथित अतिक्रमण को हटाने की मांग को लेकर गत् 11 मई से लेकर नौ दिनों तक तहसील परिसर में धरना दिया था। आरोप है कि उस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों और लोक निर्माण विभाग के प्रतिनिधियों ने एक माह के भीतर कार्रवाई का आश्वासन देकर धरना समाप्त करा दिया था। लेकिन निर्धारित अवधि बीत जाने के बाद भी मार्ग को अतिक्रमण मुक्त नहीं कराया गया। राजेंद्र कौशिक ने बताया कि मामले में कार्रवाई न होने के विरोध में संगठन 10 जुलाई से तहसील परिसर में आमरण अनशन भी कर रहा है। उनका आरोप है कि प्रशासन द्वारा बार-बार आश्वासन दिए जाने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया, जिससे लोगों में नाराजगी है।
ज्ञापन में प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग करते हुए कहा गया है कि यदि 20 जुलाई तक मार्ग से कथित अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो संगठन तहसील के सामने सड़क जाम कर विरोध दर्ज कराएगा। संगठन ने साफ कहा है कि किसी भी अप्रिय स्थिति की जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।


