बुलन्द संदेश /ब्यूरो
दौराला गंगनहर किनारे कार्रवाई, पांच युवक-युवती मिले; एक महिला अपनी नाबालिग बेटी के साथ मिली, मैनेजर से पूछताछ जारी
सरधना। दौराला गंगनहर पुल के पास लंबे समय से बंद पड़े एक रेस्टोरेंट में शनिवार को पुलिस ने संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पर अचानक छापा मार दिया। पुलिस के पहुंचते ही परिसर में अफरा-तफरी मच गई। तलाशी के दौरान अलग-अलग कमरों में पांच युवक-युवती मिले। एक कमरे में एक महिला अपने पुरुष साथी के साथ थी, जबकि उसकी नाबालिग बेटी भी वहीं मौजूद मिली।
थाना प्रभारी निरीक्षक दिनेश प्रताप सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। महिला उपनिरीक्षक प्रतिभा सिंह की मौजूदगी में सभी कमरों की जांच कराई गई। पुलिस ने मौके पर मौजूद सभी लोगों की पहचान सत्यापित की और उनके दस्तावेजों की जांच की। प्रारंभिक जांच में कोई आपराधिक तथ्य सामने नहीं आने पर उन्हें छोड़ दिया गया, जबकि रेस्टोरेंट का संचालन करने वाले युवक को पूछताछ के लिए थाने ले जाया गया।
पुलिस अब यह पता लगा रही है कि बंद घोषित रेस्टोरेंट में कमरे किस आधार पर संचालित किए जा रहे थे। लाइसेंस, पंजीकरण, रिकॉर्ड और अन्य जरूरी दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि यदि जांच में नियमों का उल्लंघन मिला तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बार-बार सामने आ रहे ऐसे मामले
क्षेत्र में होटल और रेस्टोरेंटों से जुड़े ऐसे मामले लगातार सामने आ रहे हैं। कुछ दिन पहले भी दौराला रोड स्थित एक होटल में नाबालिग लड़की मिलने के बाद भारी हंगामा हुआ था। उस घटना के बाद भी प्रशासन ने सख्ती के दावे किए थे, लेकिन अब बंद पड़े रेस्टोरेंट में कमरों का इस्तेमाल होने का मामला सामने आने से उन दावों पर सवाल उठने लगे हैं।
स्थानीय लोगों ने उठाए सवाल
क्षेत्र के लोगों का कहना है कि यदि समय-समय पर होटल, गेस्ट हाउस और रेस्टोरेंटों की नियमित जांच होती, तो बंद प्रतिष्ठानों में इस तरह गतिविधियां संचालित नहीं हो पातीं। लोगों ने प्रशासन से ऐसे स्थानों की व्यापक जांच कर अवैध रूप से संचालित कमरों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। अब जांच के बाद पुलिस की अगली कार्रवाई पर सबकी नजरें टिकी हैं।


