बुलन्द संदेश/लाएबा नूर
संभल थाना हजरतनगर गढ़ी क्षेत्र के ग्राम बरीपुर भमरौऊवा में एक दर्दनाक हादसा हो गया। बंदरों के झुंड से बचने के प्रयास में एक बुजुर्ग महिला छत से नीचे गिर गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है प्राप्त जानकारी के अनुसार, करीब 70 वर्षीय महिला अपने घर की छत पर किसी घरेलू कार्य से गई थीं। इसी दौरान वहां बंदरों का झुंड पहुंच गया। बंदरों से बचने के प्रयास में महिला का संतुलन बिगड़ गया और वह छत से नीचे गिर गईं। गिरने से उन्हें गंभीर चोटें आईं और उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।
बताया जा रहा है कि मृतका अपने पीछे तीन बच्चों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गई हैं। हादसे की सूचना मिलते ही गांव के लोग मौके पर एकत्र हो गए। सूचना पर थाना हजरतनगर गढ़ी पुलिस भी मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में बंदरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। कई बार बंदरों के हमलों से लोग घायल हो चुके हैं, लेकिन अब इस हादसे ने एक परिवार से उसकी बुजुर्ग सदस्य को हमेशा के लिए छीन लिया। ग्रामीणों ने प्रशासन से बंदरों के आतंक से निजात दिलाने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।


