बुलन्द संदेश /ब्यूरो
मोदीनगर (अनवर खान)। कस्बे में पिछले दो दिनों से विद्युत आपूर्ति बाधित रहने और अधिकारियों-कर्मचारियों से संपर्क न हो पाने से नाराज लोगों ने निवाड़ी बिजलीघर पर प्रदर्शन कर रोष जताया। प्रदर्शन भारतीय किसान यूनियन किसान सभा के संरक्षक एवं किसान नेता सत्येंद्र त्यागी के नेतृत्व में किया गया।
प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि लगातार दो दिनों से बिजली आपूर्ति ठप है, जिससे आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। भीषण गर्मी के बीच पेयजल, घरेलू कार्यों और व्यापारिक गतिविधियों पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है। प्रदर्शनकारियों ने यह भी आरोप लगाया कि शिकायत के बावजूद विभागीय अधिकारी और कर्मचारी फोन नहीं उठा रहे हैं तथा कई मोबाइल नंबर स्विच ऑफ मिल रहे हैं। प्रदर्शन के दौरान सत्येंद्र त्यागी ने कहा कि दो दिनों से पूरा कस्बा बिजली संकट झेल रहा है। जनता परेशान है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी जवाब देने को तैयार नहीं हैं। यदि शीघ्र आपूर्ति बहाल नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
प्रदर्शन में प्रवीण त्यागी, अंकित त्यागी, नितिन बंसल, मोंटी विकास, अख्तर, शेखर त्यागी, सीटू त्यागी, सागर त्यागी, नितिन त्यागी, राहुल सक्सेना, वंश त्यागी, सचिन त्यागी, देवांश त्यागी, निक्की त्यागी, लक्ष्य त्यागी, रणदीप त्यागी, दक्ष त्यागी, गौरव त्यागी, कृष्णपाल त्यागी, कुलदेव त्यागी, पीके त्यागी और शुभम त्यागी सहित बड़ी संख्या में कस्बावासी मौजूद रहे।


