cbamazon
उत्तर प्रदेश

बिजली संकट पर फूटा महिलाओं का गुस्सा, बिजलीघर घेरा

बिजली संकट पर फूटा महिलाओं का गुस्सा, बिजलीघर घेरा

बुलन्द संदेश /ब्यूरो

मोदीनगर (अनवर खान)। लगातार तीन दिनों से बाधित बिजली आपूर्ति और पेयजल संकट से परेशान धर्मपुरी व बेगमाबाद की महिलाओं का शुक्रवार को गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में महिलाएं फाफराना मार्ग स्थित बिजलीघर पहुंचीं और अवर अभियंता कार्यालय के सामने धरना देकर विद्युत विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

            प्रदर्शनकारी महिलाओं का आरोप था कि पिछले तीन दिनों से क्षेत्र में बिजली आपूर्ति ठप होने के कारण लोगों का जनजीवन प्रभावित हो गया है। भीषण गर्मी के बीच बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रात के समय बिजली न मिलने से लोगों की नींद पूरी नहीं हो पा रही है। जबकि घरेलू कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं। महिलाओं ने बताया कि बिजली आपूर्ति बाधित होने से पेयजल संकट भी गहरा गया है। क्षेत्र में पानी की उपलब्धता प्रभावित होने के कारण लोगों को करीब एक किलोमीटर दूर स्थित हैंडपंपों से पानी लाना पड़ रहा है। इससे दैनिक जीवन की समस्याएं और बढ़ गई हैं। धरना और हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और महिलाओं को शांत कराने का प्रयास किया। हालांकि प्रदर्शनकारी महिलाओं ने साफ कहा कि जब तक बिजली आपूर्ति सामान्य नहीं होती, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा।

बाद में विद्युत विभाग के अधिकारियों ने उपभोक्ताओं को जल्द आपूर्ति बहाल करने का आश्वासन दिया। 

            अधिशासी अभियंता ने बताया कि तकनीकी कारणों से उत्पन्न समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कार्य कराया जा रहा है और शीघ्र ही बिजली व्यवस्था सामान्य कर दी जाएगी।