बुलन्द संदेश ब्यूरो
कांठ (सुदेश बिश्नोई। नगर एवं ग्रामीण क्षेत्र वासियों के लिए शासन ने एक्स-रे मशीन के रूप में तोहफा प्रदान किया है लंबे समय से एक्स-रे और अल्ट्रासाउंड जैसी मूलभूत स्वास्थ्य सुविधाओं की मांग के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कांठ को नई एक्स-रे मशीन उपलब्ध करा दी गई है। मशीन के स्थापित होने के बाद मरीजों को निशुल्क एक्स-रे जांच की सुविधा मिल सकेगी और निजी अस्पतालों के चक्कर लगाने से भी राहत मिलेगी। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कांठ में पिछले एक दशक से एक्स-रे और अल्ट्रासाउंड मशीन उपलब्ध नहीं थी। इस कारण क्षेत्र के मरीजों को छोटी-बड़ी जांच के लिए निजी अस्पतालों अथवा जिला मुख्यालय जाना पड़ता था। पूर्व भाजपा विधायक राजेश कुमार 'चुन्नू' ने कई बार शासन स्तर तथा मुख्य चिकित्सा अधिकारी को पत्र लिखकर सीएचसी में एक्स-रे और अल्ट्रासाउंड मशीन उपलब्ध कराने की मांग की थी। वहीं वर्तमान विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री कमाल अख्तर ने भी विधानसभा में यह मुद्दा उठाते हुए कहा था कि सीएचसी में इन सुविधाओं के उपलब्ध होने से क्षेत्र के गरीब एवं जरूरतमंद मरीजों को बेहतर उपचार मिल सकेगा। जनप्रतिनिधियों के प्रयासों और क्षेत्रीय जनता की लगातार उठती मांग के बाद मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कांठ को एक्स-रे मशीन उपलब्ध करा दी गई है। अब मशीन को स्थापित कर शीघ्र ही जांच कार्य शुरू कराया जाएगा।


