बुलन्द संदेश /ब्यूरो
बुलन्द संदेश/लायबा नूर
सम्भल। जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावट और गंदगी के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए सोमवार को विशेष अभियान चलाया
जिलाधिकारी के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई में बहजोई स्थित एक मिठाई निर्माणशाला में गंभीर अनियमितताएं मिलने पर उसे तत्काल बंद करा दिया गया।
सोमवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने कुम्हारन मोहल्ला स्थित ‘अज्जी हलवाई’ की निर्माणशाला का निरीक्षण किया। जांच के दौरान पाया गया कि निर्माणशाला बिना वैध लाइसेंस के संचालित हो रही थी। प्रतिष्ठान स्वामी द्वारा केवल दुकान का लाइसेंस प्रस्तुत किया गया,जबकि उत्पादन स्थल का लाइसेंस नहीं दिखाया जा सका।निरीक्षण के दौरान निर्माण स्थल की हालत बेहद खराब मिली। फर्श जर्जर अवस्था में था,दीवारों और छत पर जाले लगे हुए थे और चारों ओर गंदगी फैली हुई थी। मिठाइयां खुले में रखी हुई थीं,जिन पर मक्खियां और कीट भिनभिना रहे थे। ऐसे हालात में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए।टीम ने मौके पर मौजूद पनीर में मिलावट की आशंका जताते हुए उसका नमूना जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा। साथ ही निर्माणशाला को तत्काल प्रभाव से बंद कर दिया गया और निर्देश दिए गए कि आवश्यक सुधार और लाइसेंस प्राप्त करने के बाद ही इसे दोबारा शुरू किया जाए।इसके अलावा,गुन्नौर क्षेत्र में भी कार्रवाई करते हुए ‘नन्हू मिठाई शॉप’ से बर्फी और ‘कन्हैया स्वीट्स’ से गुलाब जामुन के नमूने लिए गए हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रयोगशाला रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।खाद्य सुरक्षा विभाग की इस कार्रवाई से जिले के अन्य खाद्य कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।


