cbamazon
उत्तर प्रदेश

बारिश में लापरवाही पड़ सकती है भारी, सुरक्षित वाहन चलाने के दिए टिप्स

बारिश में लापरवाही पड़ सकती है भारी, सुरक्षित वाहन चलाने के दिए टिप्स

बुलन्द संदेश /ब्यूरो

बहजोई। पुलिस अधीक्षक के कुशल निर्देशन में क्षेत्राधिकारी यातायात एवं प्रभारी यातायात श्री जग रोशन सिंह के नेतृत्व में कस्बा बहजोई में विशेष यातायात जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान मुख्य आरक्षी सोनू अहलावत ने वाहन चालकों को वर्षा ऋतु में सुरक्षित वाहन संचालन एवं सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।

 

वाहन चालकों को बताया गया कि बरसात के मौसम में सड़कें फिसलन भरी होने के कारण दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। ऐसे में वाहन हमेशा नियंत्रित गति से चलाएं, आगे चल रहे वाहन से पर्याप्त दूरी बनाए रखें, अचानक ब्रेक लगाने और ओवरटेक करने से बचें तथा जलभराव वाले स्थानों पर विशेष सावधानी बरतें।

 

दोपहिया वाहन चालकों से आईएसआई (ISI) मार्क हेलमेट पहनने तथा चारपहिया वाहन चालकों से सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने की अपील की गई। साथ ही वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने, नशे की अवस्था में वाहन न चलाने तथा वाहन के ब्रेक, टायर, वाइपर और लाइट की समय-समय पर जांच कराते रहने की सलाह दी गई।

 

यातायात पुलिस ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल नियमों का पालन करने से ही संभव है। सभी नागरिक स्वयं भी यातायात नियमों का पालन करें और अपने परिवार व परिचितों को भी इसके लिए प्रेरित करें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित हो सके।