cbamazon
उत्तर प्रदेश

बहजोई कस्बे में समाजवादी पार्टी द्वारा PDA कार्यकर्ता हुआ सम्मेलन

बहजोई कस्बे में समाजवादी पार्टी द्वारा PDA कार्यकर्ता हुआ सम्मेलन

 

 

बुलन्द संदेश/लायबा नूर

 

 

बहजोई चंदौसी विधानसभा क्षेत्र-31 के बहजोई कस्बे में को समाजवादी पार्टी द्वारा PDA कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को पराजित कर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा के पास विकास के नाम पर जनता को बताने के लिए कुछ नहीं है, इसलिए वह समाज में हिंदू-मुस्लिम के नाम पर भाईचारे को तोड़ने और देश-प्रदेश की गंगा-जमुनी तहजीब को खत्म करने का काम कर रही है।

कार्यक्रम में आगमन पर चंदौसी विधानसभा की उपविजेता विमलेश कुमारी ने मुख्य अतिथि प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल का पुष्पमालाएं पहनाकर स्वागत किया तथा उन्हें शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। इसके साथ ही राज्यसभा सांसद हाजी जावेद अली खान एवं जिलाध्यक्ष असगर अली अंसारी का भी शॉल ओढ़ाकर सम्मान किया गया।

प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने कहा कि भाजपा सरकार नहीं चाहती कि PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) समाज पढ़-लिखकर आगे बढ़े। यही कारण है कि विद्यालयों को बंद किया जा रहा है और विश्वविद्यालयों पर बुलडोजर चलाने जैसी नीतियां अपनाई जा रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार आरक्षण को कमजोर कर उसे समाप्त करने की दिशा में काम कर रही है, जबकि समाजवादी पार्टी हमेशा PDA समाज के अधिकारों और सम्मान की लड़ाई लड़ती रही है और आगे भी लड़ती रहेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से 2027 के चुनाव में एकजुट होकर समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया।

राज्यसभा सांसद हाजी जावेद अली खान ने कहा कि समाजवादी पार्टी को पहले मुस्लिम और यादवों की पार्टी कहा जाता था, लेकिन अब पार्टी के साथ मुस्लिम, यादव के साथ-साथ जाटव, मौर्य, पाल, कश्यप, वाल्मीकि, प्रजापति सहित सभी समाजों का व्यापक समर्थन जुड़ चुका है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी का गुलदस्ता सभी वर्गों के फूलों से सजा हुआ है।

पूर्व मंत्री एवं बहजोई के पूर्व विधायक अकील उर रहमान खान ने कहा कि चंदौसी विधानसभा सीट को जातीय समीकरणों के आधार पर भाजपा की सीट माना जाता है, लेकिन यदि संगठन ईमानदारी से PDA फार्मूले पर बूथ स्तर तक काम करे तो वर्ष 2027 में यहां समाजवादी पार्टी की जीत निश्चित है।

चंदौसी विधानसभा की उपविजेता विमलेश कुमारी ने कहा कि वर्ष 2022 के चुनाव में समाजवादी पार्टी ने चंदौसी सीट पर मजबूती से चुनाव लड़ा था, लेकिन कुछ कमियों के कारण जीत नहीं मिल सकी। उन्होंने कहा कि इस बार उन्हीं कमियों से सीख लेकर बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाना होगा और भारी मतों से जीत सुनिश्चित करनी होगी। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी को अपने राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी के साथ-साथ पुलिस, प्रशासन और चुनाव आयोग की प्रक्रियाओं से भी संघर्ष करना पड़ता है, जबकि भाजपा प्रत्याशी को केवल विपक्षी उम्मीदवार से मुकाबला करना होता है। इसलिए समाजवादी पार्टी को बड़े पैमाने पर चुनावी तैयारियां करनी होंगी, मजबूत एवं संघर्षशील कार्यकर्ताओं को उचित सम्मान देना होगा तथा भाजपा, पुलिस, प्रशासन और चुनावी चुनौतियों का प्रभावी ढंग से मुकाबला करने के लिए सशक्त एवं सुनियोजित चुनावी रणनीति बनानी होगी।

कार्यक्रम के समापन पर जिलाध्यक्ष असगर अली अंसारी ने संगठन की संरचना एवं उसकी मजबूती पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए सभी बूथ अध्यक्षों से जमीनी स्तर पर सक्रिय होकर कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बूथ की मजबूती ही समाजवादी पार्टी की जीत का आधार बनेगी।

कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल, राज्यसभा सांसद हाजी जावेद अली खान, विधायक राम खिलाड़ी यादव, विधायक फहीम इरफ़ान,पूर्व मंत्री अकील उर रहमान खान, चंदौसी विधानसभा की उपविजेता विमलेश कुमारी, रेनू कुमारी, अमित यादव, उमेश यादव, संजय मदान, बिट्टन मालिक, जितेंद्र सागर, फिरोज खान, संजीव यादव, बिट्टू कश्यप, सुहैल इकबाल, शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के समाजवादी पार्टी प्रत्याशी मोहम्मद दानिश अली, भुवनेश यादव, हरवीर यादव सहित पार्टी के सैकड़ों पदाधिकारी, सेक्टर प्रभारी, बूथ अध्यक्ष एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कार्यक्रम का संचालन जिला महासचिव कृष्ण मुरारी शंखधर ने किया तथा अंत में सभी अतिथियों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।