बुलन्द संदेश ब्यूरो
*वेव सिटी पुलिस ने 400 से अधिक CCTV खंगालकर 72 घंटे में किया सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा, हत्या में प्रयुक्त आरी का ब्लेड बरामद*
गाजियाबाद(आशा चौधरी) वेव सिटी थाना क्षेत्र के काजीपुरा स्थित ज्वार के खेत में युवती का शव मिलने की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने महज 72 घंटे में खुलासा कर दिया। पुलिस ने मृतका के सगे भाई को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त आरी का ब्लेड भी बरामद कर लिया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि बहन के प्रेम प्रसंग से नाराज होकर उसने गुस्से में उसकी हत्या कर शव खेत में छिपा दिया था।पुलिस के अनुसार, 23 जुलाई को काजीपुरा निवासी मनोज कुमार के ज्वार के खेत में 20 से 22 वर्षीय अज्ञात युवती का शव मिला था। युवती का गला किसी धारदार हथियार से रेता गया था। खेत स्वामी की तहरीर पर थाना वेव सिटी में अज्ञात के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1) और 238 के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

घटना के खुलासे के लिए थाना वेव सिटी पुलिस, स्वॉट टीम और नगर जोन सर्विलांस टीम को लगाया गया। पुलिस ने 400 से 500 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की तथा बीटीएस (मोबाइल लोकेशन) डाटा का विश्लेषण कर घटनास्थल के आसपास सक्रिय मोबाइल नंबरों की जांच की। तकनीकी साक्ष्यों और मैनुअल इनपुट के आधार पर पुलिस ने आरोपी दीपक कुमार (24), निवासी बंधवाताल, थाना बांसी, जनपद सिद्धार्थनगर को काजीपुरा स्थित शराब के ठेके के पास बनी झुग्गी से गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह दिल्ली-एनसीआर में पेंट और पीओपी का काम करता है तथा इन दिनों वेव सिटी में निर्माणाधीन भवन में कार्यरत था। उसे अपनी बहन रीमा के प्रेम संबंधों की जानकारी मिली थी, जिसे लेकर वह लगातार उसे समझाता था। 22 जुलाई को इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। बहन द्वारा प्रेमी से शादी करने की बात कहने पर वह आपा खो बैठा और पहले उसका गला दबाया, फिर पीओपी के काम में इस्तेमाल होने वाले आरी के ब्लेड से गला रेतकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को ज्वार के खेत में छिपाकर फरार हो गया।पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त आरी का ब्लेड बरामद कर लिया है। आरोपी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार, आरोपी का फिलहाल इसी मामले में आपराधिक इतिहास सामने आया है, जबकि अन्य आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।


