बुलंद संदेश ब्यूरो
शिकारपुर। बुधवार को भगत सिंह यूनियन के पदाधिकारियों ने शहीदे आजम वीर भगत सिंह चौक शिकारपुर पहुंचकर तहसीलदार को एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से हाल ही में सामने आए पेपर लीक प्रकरण एवं शिक्षा व्यवस्था में बढ़ती अनियमितताओं पर गहरी चिंता व्यक्त की गई तथा युवाओं के भविष्य की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की गई।
इस दौरान संगठन की ओर से अवनीश शर्मा, मोनू शर्मा, प्रशांत पूनिया, सुमित पूनिया, पवन सोरान, अभिषेक राजोरा एवं गौरव सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
भगत सिंह यूनियन ने अपने ज्ञापन में निम्नलिखित प्रमुख मांगें रखीं—
1. केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तत्काल इस्तीफा दें।
2. शिक्षा व्यवस्था से जुड़े विवादों एवं पेपर लीक प्रकरण की निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच कराई जाए।
3. दोषी अधिकारियों एवं संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
4. विद्यार्थियों के भविष्य की सुरक्षा के लिए शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, जवाबदेही एवं प्रभावी सुधार लागू किए जाएं।
5. युवाओं के साथ हुए अन्याय और कठोर व्यवहार के लिए प्रशासन सार्वजनिक रूप से माफी मांगे।
भगत सिंह यूनियन ने कहा कि देश का युवा निष्पक्ष और पारदर्शी शिक्षा व्यवस्था का अधिकार रखता है। बार-बार होने वाली परीक्षा संबंधी अनियमितताओं से लाखों विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित होता है, जिसे किसी भी परिस्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि युवाओं की मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई, तो लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा।


