बुलन्द संदेश/मोनू कुमार
सम्भल/असमोली।बेखौफ बदमाशों ने एक निर्माणाधीन दवा फैक्ट्री में घुसकर चौकीदार को बंधक बनाते हुए करीब चार लाख रुपये की लूट को अंजाम दे दिया। हैरान करने वाली बात यह है कि यह वारदात मढ़न पुलिस चौकी से महज दो किलोमीटर की दूरी पर हुई,जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया है।
घटना थाना असमोली क्षेत्र के गांव शाहपुर डसर की है। यहां मुरादाबाद निवासी राघव कुमार की जमीन पर दवा फैक्ट्री का निर्माण कार्य चल रहा है। गुरुवार और शुक्रवार की दरमियानी रात करीब 12 बजे पांच बदमाश फैक्ट्री परिसर में घुस आए। उस समय चौकीदार दिलशाद पुत्र अकबर निवासी मीरपुर साकीपुर ड्यूटी पर तैनात था।बदमाशों ने पहले चौकीदार को दबोच लिया और विरोध करने पर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। इसके बाद उसके कपड़े उतारकर उसे खाट से बांध दिया और करीब चार घंटे तक आराम से फैक्ट्री में लूटपाट करते रहे। बदमाशों की पिटाई से चौकीदार के दोनों हाथों समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं।शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे जब ग्रामीण फैक्ट्री पहुंचे तो चौकीदार को बंधा देख हड़कंप मच गया। सूचना के बावजूद पुलिस करीब 11 बजे मौके पर पहुंची, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी भी देखी गई।लुटेरे डेढ़ लाख रुपये कीमत का सोलर पैनल बैटरी,जनरेटर के दो अल्टरनेटर,इनवर्टर और सरिया काटने की मशीन का कॉपर समेत कुल करीब चार लाख रुपये का सामान लूट ले गए। सुपरवाइजर दीपक ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि बदमाशों की संख्या पांच थी और उन्होंने चौकीदार को गंभीर रूप से घायल कर दिया।थाना प्रभारी मोहित चौधरी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।


