बुलन्द संदेश ब्यूरो
परिजनों ने जताई हत्या कर रेलवे ट्रैक पर फेंकने की आशंका
मुरादनगर।(नासिर मंसूरी) चार दिन पूर्व रेलवे स्टेशन के निकट रेलवे ट्रैक पर मिले अज्ञात युवक के शव की पहचान मुरादनगर के गंगाविहार कॉलोनी निवासी अंशु (30) पुत्र जयकुमार के रूप में हुई। युवक 16 जुलाई से लापता था। परिजनों ने पुलिस द्वारा दिखाए गए फोटो से शव की पहचान की। परिजनों ने युवक की हत्या की आशंका जताई है। मुरादनगर की गंगाविहार कॉलोनी में अनीता अपने परिवार के साथ रहती हैं। परिवार में दो बेटे और दो बेटियां हैं। बड़ा बेटा अंशु हलवाई का काम करता था। छोटे बेटे रोहित ने बताया कि 16 जुलाई को उसका बड़ा भाई अंशु घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजनों ने रिश्तेदारों और परिचितों के यहां काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद रविवार को उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई। सोमवार को पुलिस ने एक अज्ञात शव के फोटो परिजनों को दिखाई, जिन्हें देखकर अंशु की पहचान हो गई। जीआरपी के अनुसार 16 जुलाई की रात रेलवे स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक पर युवक का शव मिला था। पहचान नहीं होने के कारण शव का पोस्टमॉर्टम कराकर अज्ञात के रूप में सुरक्षित रखा गया था। शव की पहचान होते ही मां अनीता और भाई रोहित का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया कि हत्या कर शव को रेलवे ट्रैक पर फेंका गया है। एसीपी ने बताया कि जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।


