cbamazon
उत्तर प्रदेश

छात्रा को अगवा कर बनाया बंधक, जमकर की मारपीट, केस दर्ज

बुलन्द संदेश /ब्यूरो

मुरादनगर। (नासिर मंसूरी)


दबंग युवक ने एक गांव निवासी 14 वर्षीय कक्षा नौ की छात्रा को अगवा कर उसे बंधक बनाकर उसके साथ जमकर मारपीट कर किशोरी को घायल कर दिया। छात्रा किसी तरह बंधनमुक्त होकर अपने घर पहुंची। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। एक गांव निवासी महिला ने बताया कि शनिवार रात करीब नौ बजे मेरी 14 वर्षीय पुत्री अचानक लापता हो गई। काफी तलाश करने के बाद भी जब वह नहीं मिली तो रावली पुलिस चौकी पर सूचना दी गई। इसके बाद पुलिस के साथ गांव सुराना में दीपांशु के घर पहुंचे और किशोरी की तलाश शुरु की। दीपांशु ने बताया कि वह मेरे पास नहीं आई है। रविवार दोपहर दो बजे किशोर वापस अपने घर आ गई। किशोर ने बताया कि दीपांशु उसे अगवा कर अपने घर पर ले गया और बंधक बनाकर उसके साथ मारपीट की। किशोरी ने बताया कि दबंग दीपांशु ने उसे इतना पीटा कि वह कई बार बेहोश हुई। वह किसी तरह बंधनमुक्त होकर अपने घर पहुंची। एसीपी मसूरी सर्किल सुनील कुमार ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर दीपांशु निवासी गांव सुराना के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। किशोरी को मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया गया है। जल्द  ही उसके मजिस्ट्रैट के समक्ष बयान दर्ज कराए जाएंगे।