cbamazon
उत्तर प्रदेश

छबड़िया गांव को अशोक किलाट पुलिस चौकी से जोड़ने की मांग, एसएसपी को सौंपा ज्ञापन

छबड़िया गांव को अशोक किलाट पुलिस चौकी से जोड़ने की मांग, एसएसपी को सौंपा ज्ञापन

बुलन्द संदेश /ब्यूरो

 

भमौरी चौकी की दूरी अधिक होने से पुलिस सहायता में देरी का आरोप, किसानों ने व्यवस्था बदलने की मांग उठाई

 

 

सरधना। भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) के जिला संगठन मंत्री अमित चौधरी छबड़ियाना ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मेरठ को ज्ञापन देकर ग्राम छबड़िया को भमौरी पुलिस चौकी के स्थान पर अशोक किलाट पुलिस चौकी से जोड़ने की मांग की है।

ज्ञापन में बताया गया कि वर्तमान में ग्राम छबड़िया भमौरी पुलिस चौकी के अंतर्गत आता है, जिसकी दूरी गांव से लगभग छह किलोमीटर है। जबकि अशोक किलाट पुलिस चौकी गांव से करीब 500 मीटर की दूरी पर स्थित है।

अमित चौधरी का कहना है कि अधिक दूरी होने के कारण किसी भी घटना की सूचना पर पुलिस समय से नहीं पहुंच पाती। वहीं ग्रामीणों, किसानों और मजदूरों को भी अपनी शिकायत लेकर भमौरी चौकी जाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

उन्होंने एसएसपी से मांग की है कि जनहित को देखते हुए ग्राम छबड़िया को अशोक किलाट पुलिस चौकी के अंतर्गत शामिल किया जाए, ताकि ग्रामीणों को समय पर पुलिस सहायता मिल सके और कानून व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।