cbamazon
उत्तर प्रदेश

डीएम ने स्कूलों का किया औचक निरीक्षण, बच्चों से पूछे सवाल

डीएम ने स्कूलों का किया औचक निरीक्षण, बच्चों से पूछे सवाल

टांडी दौराला और भरोटा के विद्यालयों में शिक्षा, सफाई और सुविधाओं का लिया जायजा

बुलंद संदेश ब्यूरो:जावेद अब्बासी 

मेरठ। जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह ने गुरुवार को प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय टांडी दौराला और भरोटा का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालयों में शैक्षिक व्यवस्था और बच्चों को मिल रही मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली।

डीएम ने कक्षाओं में पहुंचकर विद्यार्थियों से बातचीत की और विभिन्न विषयों से जुड़े सवाल पूछे। बच्चों के सही जवाब देने पर उन्होंने उनका उत्साह बढ़ाया और पेन वितरित कर मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने शिक्षकों की उपस्थिति, स्कूल परिसर की साफ-सफाई, शौचालयों की स्थिति, पेयजल व्यवस्था और मिड-डे मील की गुणवत्ता व वितरण व्यवस्था देखी। उन्होंने विद्यालयों में कराए गए रिनोवेशन कार्यों का भी जायजा लिया और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।

इस दौरान डीएम छात्रा रितिका के घर भी पहुंचे। उन्होंने छात्रा के परिवार के साथ भोजन किया और बच्चों व अभिभावकों से बातचीत कर विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी ली।

जिलाधिकारी ने कहा कि विद्यालयों में बच्चों को बेहतर सुविधाएं देने और शिक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। जिले में मॉडल स्कूल विकसित करने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षिक माहौल और आधुनिक सुविधाएं मिल सकें।निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी समेत संबंधित अधिकारी और विद्यालयों के शिक्षक मौजूद रहे।