cbamazon
उत्तर प्रदेश

दुकान से उठाकर घर में बंद कर युवक को लाठी-डंडों से पीटने का आरोप,

दुकान से उठाकर घर में बंद कर युवक को लाठी-डंडों से पीटने का आरोप,

बुलन्द संदेश /ब्यूरो

आरोपी कि पत्नी युवक के साडू से करती थी मोबाइल पर बात 

 

संभल। थाना हयातनगर क्षेत्र में एक युवक को कथित रूप से दुकान से उठाकर घर में बंद कर लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटने का मामला सामने आया है। गंभीर रूप से घायल युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, घटना के कुछ देर बाद आरोपी की पत्नी भी अस्पताल पहुंची और उसने भी अपने पति पर मारपीट करने का आरोप लगाया।

पीड़ित पवन, निवासी करीमपुर थाना बहजोई , का आरोप है कि वह अपनी दुकान पर मौजूद था, तभी राजकुमार अपने कुछ साथियों के साथ वहां पहुंचा और उसे जबरन अपने घर ले गया। आरोप है कि घर में बंद कर सभी ने मिलकर लाठी-डंडों से उसकी पिटाई की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

पीड़ित के अनुसार, विवाद की वजह उसके साढ़ू और आरोपी की पत्नी के बीच होने वाली बातचीत है। उसका कहना है कि उसका साढ़ू कभी-कभी उसके मोबाइल फोन का इस्तेमाल करता था और आरोपी की पत्नी उसी नंबर पर कॉल कर उससे बात करती थी। आरोप है कि इसी बात को लेकर आरोपी उसके साढ़ू की तलाश में दुकान पर पहुंचे। साढ़ू के न मिलने पर उन्होंने पीड़ित को ही अपने साथ ले जाकर मारपीट की।

घटना के बाद पीड़ित ने थाना हयातनगर में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने उसका मेडिकल परीक्षण कराया और उपचार के लिए जिला अस्पताल भेज दिया, जहां उसका इलाज जारी है।

इसी बीच आरोपी की पत्नी भी जिला अस्पताल अपना मेडिकल कराने पहुंची और उसने अपने पति राजकुमार पर मारपीट का आरोप लगाया। उसका कहना था कि जब उसके पति किसी अन्य महिला से बातचीत करते थे, तो उसने भी एक अन्य व्यक्ति से बात करना शुरू कर दिया। इस बात की जानकारी होने पर उसके पति ने उसके साथ भी मारपीट की।

फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों की जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।