cbamazon
उत्तर प्रदेश

डॉक्टर की कथित लापरवाही से सात वर्षीय बच्ची की हालत बिगड़ने का आरोप, सीएमओ से जांच की मांग

 

बुलंद संदेश ब्यूरो

शिकारपुर। नगर के मोहल्ला अंबेडकर नगर निवासी रिंकू कुमार पुत्र स्वर्गीय धाम सिंह ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) बुलंदशहर को शिकायती पत्र भेजकर एक निजी डॉक्टर के खिलाफ जांच कर सख्त कानूनी कार्रवाई तथा उसका लाइसेंस निरस्त किए जाने की मांग की है।

शिकायत के अनुसार, 1 जुलाई 2026 को दोपहर करीब दो बजे रिंकू कुमार की सात वर्षीय भतीजी भूमि बच्चों के झूले पर खेलते समय अन्य बच्चों के साथ धक्का-मुक्की में गिर गई। गिरने से उसके बाजू में लोहे की नुकीली वस्तु लग गई, जिससे गंभीर चोट आई और काफी रक्तस्राव होने लगा। परिजन उसे तत्काल नगर के एक निजी अस्पताल में उपचार के लिए ले गए।

रिंकू कुमार का आरोप है कि डॉक्टर ने बच्ची की पूरी जांच किए बिना घाव पर गलत तरीके से टांके लगा दिए, जिससे रक्तस्राव नहीं रुका और बच्ची की हालत बिगड़ गई। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि जब परिजनों ने उपचार को लेकर आपत्ति जताई तो डॉक्टर ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया, गाली-गलौज की, मारपीट की और धमकी भी दी।

पीड़ित का यह भी आरोप है कि डॉक्टर ने पुलिस में अपने रिश्तेदार होने का प्रभाव दिखाया, जिसके कुछ ही देर बाद पुलिस उनके घर पहुंच गई। परिवार का कहना है कि पुलिस ने उनकी शिकायत सुनने के बजाय उन्हें ही डराने-धमकाने का प्रयास किया।

रिंकू कुमार ने बताया कि वह मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपी डॉक्टर के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई करने और उसका लाइसेंस निरस्त किए जाने की मांग की है।

इस संबंध में मुख्य चिकित्सा अधिकारी से बात किए जाने पर उन्होंने बताया कि उनके कार्यालय में अभी तक कोई शिकायत पत्र प्राप्त नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि शिकायत मिलने पर नियमानुसार जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।