बुलन्द संदेश/लायबा नूर
सम्भल। सामाजिक संरक्षण समिति के अध्यक्ष महंत भगवान दास ने कहा कि देश और प्रदेश के विकास में बाधा बनने वाली भ्रष्ट प्रवृत्तियों पर सख्ती से रोक लगाई जानी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ नेता और अधिकारी आपसी मिलीभगत से सरकारी संसाधनों का दुरुपयोग कर रहे हैं,जिससे आम जनता के हित प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी व्यवस्था को बढ़ावा देने वाले लोग स्वार्थ के कारण चापलूसी करते हैं, जबकि सच्चा संघर्ष करने वाला व्यक्ति अन्याय के खिलाफ आवाज उठाता है।
महंत भगवान दास ने कहा कि यदि वर्तमान स्थिति इसी प्रकार जारी रही तो देश तेज गति से बर्बादी की ओर बढ़ सकता है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि भ्रष्टाचार, पक्षपात और प्रशासनिक अनियमितताओं को समय रहते नियंत्रित करना राष्ट्रीय हित में अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सरकार से मांग की कि पारदर्शिता बढ़ाने, जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने और जनहित के मुद्दों पर प्रभावी कार्रवाई की जाए।
उन्होंने आम नागरिकों से भी अपील की कि वे जागरूक बनें, अपने अधिकारों के प्रति सजग रहें और समाज में ईमानदारी तथा जवाबदेही की भावना को मजबूत करने में सहयोग करें।


