आरोपी का एनकांउटर व घर पर बुलडोजर चलाने की मांग को लेकर हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने थाने पर किया हंगामा
मुरादनगर। (नासिर मंसूरी) थाना क्षेत्र के एक गांव में नौ वर्षीय कक्षा पांच की छात्रा को दूसरे समुदाय के पड़ोसी 16 वर्षीय किशोर द्वारा अपने घर की छत पर ले जाकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। शिकायत करने पर आरोपी पक्ष ने बच्ची के परिजनों के साथ मारपीट की। आरेापी का एनकांउटर व घर पर बुलडोजर चलाने की मांग को लेकर हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने थाने पर हंगामा किया। आरोपी का परिवार घर पर ताला लगाकर फरार हो गया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरु कर दी है। मुरादनगर के एक गांव निवासी व्यक्ति की नौ वर्षीय पुत्री कक्षा पांच में पढ़ती है। गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे बच्ची अपने घर के बाहर खेल रही थी। आरोप है कि पडोसी 16 वर्षीय किशोर वहां पर आया और बच्ची से काफी देर तक बातचीत की। इसके बाद वह बच्ची को बहका कर अपने घर की छत पर ले गया। जब आरोपी गलत काम कर रहा था तो बच्ची की ताई ने देख कर बच्ची की दादी को बुला लिया। जब बच्ची की दादी वहां पर पहुंची तो आरोपी मौके से फरार हो गया। आरोप है कि आरोपी के परिजनों ने बच्ची की दादी व पिता के साथ अभद्रता व मारपीट की। बच्ची को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। गुरुवार देर रात परिजन मुरादनगर थाने पहुंचे और तहरीर दी। तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने बच्ची को मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया। आरोपी दूसरे समुदाय से संबंध रखता है। जिस कारण गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है। तनाव को देखते हुए गांव में पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है। बच्ची के साथ दुष्कर्म की सूचना मिलते ही हिंदू संगठन के कार्यकर्ता शुक्रवार को एकत्र होकर मुरादनगर थाने पहुंचे और जमकर हंगामा किया। उनकी मांग थी कि आरोपी व उसके परिजनों का एनकांउटर किया जाए और घर पर बुलडोजर चलाया जाए।
इस मामले में एसीपी मसूरी सर्किल मनोज कुमार का कहना है कि
एक गांव में नौ वर्षीय बच्ची के साथ गलत काम करने की तहरीर मिली है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। बच्ची का मेडिकल कराकर उसे मजिस्ट्रैट के समक्ष बयान दर्ज कराने के लिए भेजा गया है। आरोपी की तलाश के लिए पुलिस की चार टीमों को लगाया गया है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


