cbamazon
उत्तर प्रदेश

दक्ष प्रजापति की जयंती पर नगर में निकाली गई विशाल शोभा यात्रा 

दक्ष प्रजापति की जयंती पर नगर में निकाली गई विशाल शोभा यात्रा 

बुलन्द संदेश ब्यूरो

 

मुरादनगर। (नासिर मंसूरी) दक्ष प्रजापति जयंती के पावन अवसर पर प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी नगर में भव्य एवं विशाल शोभा यात्रा का आयोजन किया गया। शोभा यात्रा का शुभारंभ रावली रोड, चुंगी नंबर-3 से हुआ, जो नगर के प्रमुख मार्गों एवं बाजारों से होकर अंबेडकर पार्क पर संपन्न हुई। शोभा यात्रा में भगवान शिव, माता पार्वती सहित विभिन्न देवी-देवताओं की आकर्षक झांकियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। यात्रा के दौरान लोगो में भारी उत्साह देखने को मिला तथा सैकड़ों की संख्या में समाज के लोग, मातृशक्ति एवं युवा शामिल हुए। नगर के विभिन्न स्थानों पर सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों तथा नागरिकों द्वारा शोभा यात्रा का पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर हिन्दू युवा वाहिनी के जिला अध्यक्ष आयुष त्यागी काकड़ा ने कहा कि, “दक्ष प्रजापति जयंती जैसे आयोजन केवल धार्मिक आस्था के प्रतीक नहीं हैं, बल्कि समाज को एक सूत्र में पिरोने का माध्यम भी हैं।

आज आवश्यकता है कि हमारा समाज शिक्षा, संस्कार और संगठन के मार्ग पर आगे बढ़े तथा अपने युवाओं को नेतृत्व, सेवा और राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करे। आयुष त्यागी ने कहा कि समाज की सबसे बड़ी ताकत उसकी एकता होती है। जब समाज संगठित होगा, तभी वह अपने अधिकारों, सम्मान और संस्कृति की प्रभावी ढंग से रक्षा कर सकेगा। हमें जाति, क्षेत्र और व्यक्तिगत मतभेदों से ऊपर उठकर हिंदू समाज की एकता को मजबूत करने का संकल्प लेना होगा। इस मौके पर प्रजापति समाज के अध्यक्ष दारा सिंह प्रजापति, अमित प्रजापति, मुकुट, धनपाल, सतबीर, सुशील, रतन, रमेश, बिजेंद्र, दीपक, भालर, विकास, संचित, अमित, अन्नू आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे