cbamazon
उत्तर प्रदेश

दशहरे पर मेरठ में बदली रहेगी यातायात व्यवस्था, भारी वाहनों की नो एंट्री

दशहरे पर मेरठ में बदली रहेगी यातायात व्यवस्था, भारी वाहनों की नो एंट्री

20 अक्टूबर को शाम पांच बजे से लागू होगा डायवर्जन, रामलीला मैदानों और मेला स्थलों के आसपास वाहनों की आवाजाही पर रहेगी रोक

बुलंद संदेश ब्यूरो:जावेद अब्बासी 

मेरठ। विजयदशमी (दशहरा) पर्व पर शहर में लगने वाले मेलों और श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने ट्रैफिक डायवर्जन प्लान जारी किया है। 20 अक्टूबर को शाम पांच बजे से दशहरा मेला समाप्त होने तक शहर के कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। भारी वाहनों की नो एंट्री दशहरा समाप्त होने के बाद रात दो बजे तक लागू रहेगी। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करने की अपील की है।

रोडवेज बसों के लिए निर्धारित किए गए मार्ग

दिल्ली की ओर से आने वाली बसें: भैसाली बस अड्डे पर आने वाली रोडवेज बसें परतापुर इंटरचेंज से एक्सप्रेसवे, मोदीपुरम, जीरो माइल और बेगमपुल होते हुए भैसाली बस अड्डे पहुंचेंगी। वापसी में भी इसी मार्ग का प्रयोग किया जाएगा।

हरिद्वार और मुजफ्फरनगर की ओर से आने वाली बसें: ये बसें मोदीपुरम, टैंक चौराहा, जीरो माइल और बेगमपुल होते हुए भैसाली बस अड्डे पहुंचेंगी।

बिजनौर की ओर से आने वाली बसें: भैसाली बस अड्डे जाने वाली बसें साकेत चौराहे से जीरो माइल और बेगमपुल होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचेंगी।

भारी वाहनों के लिए यह रहेगा रूट

मुजफ्फरनगर की ओर से हापुड़, गढ़ और मुरादाबाद जाने वाले भारी वाहन मोदीपुरम फ्लाईओवर से सरधना फ्लाईओवर, परतापुर इंटरचेंज, मोहिउद्दीनपुर और खरखौदा मोड़ होते हुए अपने गंतव्य तक जा सकेंगे।

जेलचुंगी चौराहे पर दशहरा मेला लगने के कारण गढ़ और मुरादाबाद की ओर से मुजफ्फरनगर व रुड़की जाने वाली बसों को डिग्गी तिराहे से डायवर्ट किया जाएगा। ये बसें तेजगढ़ी चौराहा, हापुड़ अड्डा, बेगमपुल और जीरो माइल होते हुए आगे जा सकेंगी।

डिग्गी तिराहे से तेजगढ़ी चौराहे के रास्ते कमिश्नर आवास चौराहे तक भारी वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। डिग्गी तिराहे से विश्वविद्यालय मार्ग होकर जेलचुंगी की ओर जाने वाले हल्के वाहनों को किला रोड की ओर भेजा जाएगा। एलआईसी कट से आने वाले वाहनों को इमली तिराहे की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

दिल्ली रोड पर भी वाहनों की आवाजाही बंद

दिल्ली रोड स्थित रामलीला मैदान में दशहरा मेले के आयोजन के चलते बागपत तिराहे (फुटबॉल चौक) से दैनिक जागरण तिराहे तक सभी प्रकार के हल्के और भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। वाहन चालक बिजली बंबा बाईपास और बागपत तिराहे से बागपत रोड होकर अपने गंतव्य तक जा सकेंगे।

ब्रह्मपुरी चौराहे और शारदा रोड से दिल्ली चुंगी की ओर आने वाले वाहनों को रामलीला मैदान की तरफ नहीं जाने दिया जाएगा। इन वाहनों को दिल्ली चुंगी से बागपत तिराहे और मलियाना पुल की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

सूरजकुंड और भैसाली मैदान के आसपास भी प्रतिबंध

सूरजकुंड पार्क में दशहरा मेले के चलते गांधी आश्रम चौराहे, सीताराम पुलिया और सूरजकुंड स्पोर्ट्स मार्केट के नाले की पुलिया से सूरजकुंड मंदिर की ओर सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन बंद रहेगा।

वहीं, भैसाली मैदान में मेला लगने के कारण जली कोठी, महताब तिराहा, सीएवी स्कूल थाना सदर की ओर और गुरु तेग बहादुर स्कूल की तरफ से भैसाली मैदान जाने वाले मार्गों पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।

रात दो बजे तक भारी वाहनों की नो एंट्री

यातायात पुलिस के अनुसार, शहर में विभिन्न स्थानों पर दशहरा मेले आयोजित होने और श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए 20 अक्टूबर को भारी वाहनों और मालवाहक वाहनों का प्रवेश दशहरा मेला समाप्त होने के बाद रात दो बजे तक प्रतिबंधित रहेगा।यातायात पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार श्रीवास्तव ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे डायवर्जन प्लान का पालन करें और असुविधा से बचने के लिए निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें।