बुलन्द संदेश /ब्यूरो
जिला सलाहकार समिति की बैठक में युवा योजनाओं और नशा मुक्त भारत अभियान की समीक्षा
संवाददाता: जावेद अब्बासी
मेरठ। विकास भवन सभागार में सोमवार को मुख्य विकास अधिकारी नूपुर गोयल की अध्यक्षता में 'मेरा युवा भारत' (MY Bharat) जिला सलाहकार समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं के MY Bharat पोर्टल पर पंजीकरण, नशा मुक्त भारत अभियान, पीएम इंटर्नशिप योजना और युवा कल्याण से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की गई।मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि मेरठ जनपद में MY Bharat पोर्टल पर एक लाख से अधिक युवाओं के पंजीकरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने सभी विभागों, विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों, सीबीएसई व माध्यमिक विद्यालयों, आईटीआई, चिकित्सा, युवा कल्याण और खेल विभाग को समन्वय के साथ अभियान चलाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सभी विभाग 30 जुलाई तक निर्धारित लक्ष्य के अनुसार अधिक से अधिक युवाओं का पंजीकरण सुनिश्चित करें। साथ ही प्रगति की नियमित समीक्षा और मॉनिटरिंग भी की जाएगी।बैठक में जिला युवा अधिकारी यशवंत यादव ने MY Bharat पोर्टल की कार्यप्रणाली, स्वयंसेवा, कौशल विकास, राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भागीदारी और भारत सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी।बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला सूचना अधिकारी,जिला पंचायत राज अधिकारी, क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी,विभिन्न विभागों के अधिकारी,शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि एवं अभियान से जुड़े पदाधिकारी उपस्थित रहे।


