बुलन्द संदेश ब्यूरो
मुरादनगर/ गाजियाबाद।(नासिर मंसूरी) एसजी शिखर हाइट्स सोसाइटी, सिद्धार्थ विहार में रविवार, 19 जुलाई को "एक पेड़ आने वाले कल के नाम" अभियान के तहत पौधारोपण अभियान का आयोजन किया गया। इस अभियान का उद्देश्य सोसाइटी एवं आसपास के क्षेत्र को अधिक हरित, स्वच्छ एवं पर्यावरण के अनुकूल बनाना था।

कार्यक्रम में महिलाओं, बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों एवं सोसाइटी के जिम्मेदार नागरिकों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। सभी प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए पौधारोपण किया तथा उनके संरक्षण एवं नियमित देखभाल का भी संकल्प लिया। इस अवसर पर सोसाइटी के निवासियों ने स्वयं मुख्य अतिथि की भूमिका निभाई और यह संदेश दिया कि पर्यावरण संरक्षण किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। कार्यक्रम से पूर्व सोसाइटी के प्रतिनिधियों एवं मेंटेनेंस टीम के साथ कई चरणों में बैठकें आयोजित की गईं, जिनमें पौधारोपण क्षेत्र का चयन, भूमि की सफाई, खाद एवं पानी की व्यवस्था, अस्थायी बैरिकेडिंग, पौधों की सुरक्षा तथा दीर्घकालीन रखरखाव जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।

मेंटेनेंस टीम की ओर से माली, खाद एवं सिंचाई की व्यवस्था में सहयोग प्रदान किया गया। आयोजकों ने बताया कि पौधे लगाना इस अभियान का पहला चरण है। आगामी समय में इन पौधों की नियमित सिंचाई, सुरक्षा एवं रखरखाव के लिए भी सामूहिक प्रयास जारी रहेंगे, ताकि यह हरित पहल आने वाली पीढ़ियों के लिए एक स्थायी धरोहर बन सके। इस अवसर पर सभी निवासियों से अपील की गई कि वे अधिक से अधिक संख्या में ऐसे पर्यावरणीय अभियानों से जुड़ें और अपने आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ, हरित एवं प्रदूषणमुक्त बनाने में सक्रिय योगदान दें।


