बुलन्द संदेश /ब्यूरो
मुरादनगर। (नासिर मंसूरी) वृक्षारोपण अभियान के अंतर्गत आज ग्राम सुराना स्थित भुवनेश्वर महादेव मंदिर परिसर में “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुरादनगर विधायक अजीतपाल त्यागी एवं मुरादनगर ब्लॉक प्रमुख राजीव त्यागी ने सुराना स्थित भुवनेश्वर महादेव मंदिर परिसर में पौधा रोपण कर पौधा रोपण अभियान की शुरुआत कर लोगों एक पेड़ मां के नाम लगाने व उसकी देख भाल करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में मुरादनगर ब्लॉक प्रमुख राजीव त्यागी सहित जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।इस अवसर पर विधायक अजीतपाल त्यागी ने कहा कि वृक्ष केवल प्रकृति की धरोहर नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित और स्वस्थ जीवन का आधार हैं। प्रत्येक व्यक्ति को अपनी मां के सम्मान में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए, तथा उसकी देख भाल का भी संकल्प लेना चाहिए। पौधारोपण तभी सार्थक होगा जब लगाए गए पौधे वृक्ष बनकर समाज और पर्यावरण की सेवा करें। मुरादनगर ब्लॉक प्रमुख राजीव त्यागी ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा संचालित वृक्षारोपण अभियान जनभागीदारी का एक उत्कृष्ट उदाहरण है। सभी नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण के इस महाअभियान से जुड़कर अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी सुरक्षा का संकल्प लेना चाहिए।कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने हरित एवं स्वच्छ वातावरण के निर्माण हेतु अधिकाधिक वृक्ष लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर गांव सुराना के ग्राम प्रधान प्रतिनिधि जंगली फोजी, ए.डी.ओ. पंचायत अमित कुमार, ए.डी.ओ. जाकिर अली, सचिव अंकुर भारद्वाज, आदि गणमान्य व्यक्ति एवं भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


